ग्वालियरः बाबा साहब डॉ. अम्बेडकर धाम के निर्माण का कार्य समय-सीमा में पूर्ण किया जाए

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियरः बाबा साहब डॉ. अम्बेडकर धाम के निर्माण का कार्य समय-सीमा में पूर्ण किया जाए


- मंत्री सिलावट एवं मंत्री कुशवाह ने अम्बेडकर धाम निर्माण कार्य का किया निरीक्षण

ग्वालियर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर के समीप जौरासी में बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर धाम का निर्माण 20 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। यह भव्य धाम 31 जुलाई 2027 तक बनकर पूर्ण होगा।

प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट एवं सामाजिक न्याय मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने बुधवार को अम्बेडकर धाम निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। अम्बेडकर धाम के निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान निर्मित किए गए कार्यों का निरीक्षण भी किया गया।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री इमरती देवी, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, ग्रामीण अध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, जीडीए के उपाध्यक्ष सुधीर गुप्ता एवं आशीष प्रताप सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं निर्माण एजेंसी के अधिकारी और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

मंत्री सिलावट एवं कुशवाह ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा दो चरणों में 20 करोड़ रुपए की धनराशि अम्बेडकर धाम निर्माण के लिये स्वीकृत की गई है। स्वीकृत की गई राशि से निर्धारित समय-सीमा में सभी निर्माण कार्य पूर्ण हों। इसके साथ ही अम्बेडकर धाम में बाबा साहब अम्बेडकर की भव्य प्रतिमा स्थापना का कार्य भी समय-सीमा में किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अम्बेडकर धाम का निर्माण इस प्रकार से किया जाए कि देश के कौने-कौने से लोग आकर अम्बेडकर धाम का अवलोकन करें। इस धाम में बाबा साहब अम्बेडकर के जीवन से जुड़े हुए साहित्य एवं अन्य वस्तुओं को भी प्रदर्शित किया जाए।

मंत्री सिलावट ने कहा है कि अम्बेडकर धाम के चारों ओर एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण का कार्य भी हाथ में लिया जाए। बाउण्ड्रीवॉल के चारों ओर बड़े पेड़ लगाने के लिये एक विशेष अभियान चलाकर वृक्षारोपण का कार्य किया जाए।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत ने बताया कि अम्बेडकर धाम के निर्माण का कार्य निर्माण एजेंसी द्वारा गुणवत्ता के साथ किया जा रहा है। निर्धारित समय-सीमा में सभी काम पूर्ण किए जायेंगे। अम्बेडकर धाम परिसर में ही बाबा साहब अम्बेडकर की भव्य प्रतिमा की स्थापना भी की जायेगी। धाम के निर्माण के कार्यों की निरंतर मॉनीटरिंग जिला प्रशासन द्वारा भी की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760990 Articles

Share this story