ग्वालियर में नाला निर्माण व सीवर लाइन का ऊर्जा मंत्री ने किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियर में नाला निर्माण व सीवर लाइन का ऊर्जा मंत्री ने किया निरीक्षण


ग्वालियर, 04 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शनिवार को उपनगर ग्वालियर के वार्ड-3 एवं 4 में सीवर लाइन, सड़क, नाला निर्माण, पेयजल, साफ-सफाई एवं विद्युत व्यवस्था का घर घर जाकर निरीक्षण किया तथा स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं को जाना एवं अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए।

ऊर्जा मंत्री तोमर ने मोहिते गार्डन के सामने नाले का निरीक्षण किया। इस दौरान नाला कचरे से भरा हुआ पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की तथा नाले की शीघ्र सफाई कर एक चैंबर बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों के दिए। इसके साथ ही विनय नगर सेक्टर-03 में चल रहे सीवर कार्यों का निरीक्षण किया तथा स्वच्छता व्यवस्था का गहनता से अवलोकन किया। सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सफाई ठेलों की उपलब्धता एवं आपूर्ति की स्थिति को समझा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ऊर्जा मंत्री तोमर ने वार्ड-4 के इंद्रा नगर, ओम नगर, राम विहार कॉलोनी, सूरज नगर आदि क्षेत्र में सीवर लाइन, सड़क, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था का घर-घर जाकर निरीक्षण किया। इस के दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी ऊर्जा मंत्री के सामने अपनी समस्याएं रखीं। लोगों ने जल भराव, गंदगी और सीवर जाम जैसी समस्याओं की शिकायत की, जिस पर मंत्री तोमर ने अधिकारियों को तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीवर और नाला निर्माण का मुख्य उद्देश्य आम जनता को जल भराव और गंदगी से राहत दिलाना है, इसलिए कार्य में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं होनी चाहिए।

ऊर्जा मंत्री तोमर ने मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर, शहरी स्वास्थ्य केंद्र मोहिते गार्डन का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, दवाइयों की उपलब्धता एवं आमजन को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया तथा संजीवनी क्लीनिक पर कर्मचारी समय पर उपस्थित नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी से फोन पर बात कर आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए।

गौरतलब है कि ऊर्जा मंत्री तोमर समय-समय पर क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण करते रहते हैं और मौके पर ही समस्याओं के समाधान के निर्देश देते हैं। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त प्रदीप तोमर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story