ग्वालियरः भिण्ड से लाई जा रही 2,200 किलोग्राम मावा की खेप पकड़ी

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियरः भिण्ड से लाई जा रही 2,200 किलोग्राम मावा की खेप पकड़ी


- मिल्क फैट मानक के अनुरूप नहीं मिलने पर 2,190 किलोग्राम मावा और नमूना मानक न होने पर 24 किलोग्राम पनीर जब्त

ग्वालियर, 10 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में दूध एवं दुग्ध उत्पादों सहित अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार को महाराज बाड़ा स्थित मोर बाजार में भिण्ड से परिवहन कर लाया जा रहा 2,200 किलोग्राम मावा पकड़ा।

इस दौरान प्राथमिक जांच में मावा का मिल्क फैट निर्धारित मानक के अनुरूप नहीं पाए जाने पर छह नमूने लिए गए तथा शेष 2,190 किलोग्राम मावा, जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख 4 हजार रुपये है, नियमानुसार जप्त किया गया। इसी क्रम में गोपाल डेयरी, बजाजखाना से 24 किलोग्राम पनीर भी जप्त कर उसका नमूना लिया गया।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को जिले में अन्य जिलों से परिवहन के माध्यम से आने वाले मावा एवं दुग्ध उत्पादों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में अपर कलेक्टर अनिल बनवारिया के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी लोकेन्द्र सिंह, राजेश कुमार गुप्ता, आनंद प्रकाश शर्मा, निरूपमा शर्मा एवं लखनलाल कोरी की टीम ने महाराज बाड़ा स्थित मोर बाजार पहुंचकर भिण्ड से आए टाटा 407 वाहन का निरीक्षण किया।

वाहन में मावा की 55 डलियां मिलीं, जिनमें कुल लगभग 2,200 किलोग्राम मावा था। इसकी अनुमानित कीमत 7 लाख 4 हजार रुपये बताई गई। पूछताछ के दौरान वाहन चालक ने बताया कि मावा की 17 डलियां विवेक जैन, महावीर मावा भण्डार; 18 डलियां विषम्भर सिंह राजपूत, मावा भण्डार तथा 20 डलियां सुनील राठौर, राठौर मावा भण्डार, मोर बाजार की हैं। मौके पर चलित मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से तीनों व्यापारियों के मावा की प्राथमिक जांच की गई। जांच में मावा का मिल्क फैट निर्धारित मानक के अनुरूप नहीं पाया गया।

इसके बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता द्वारा विवेक जैन, महावीर मावा भण्डार; खाद्य सुरक्षा अधिकारी निरूपमा शर्मा द्वारा विषम्भर सिंह राजपूत, मावा भण्डार तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी आनंद शर्मा द्वारा सुनील राठौर, राठौर मावा भण्डार से मावा के कुल छह नमूने लिए गए। शेष 2,190 किलोग्राम मावा, जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख 4 हजार रुपये है, को नियमानुसार जप्त किया गया।

इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश धाकड़ ने गोपाल डेयरी, बजाजखाना, ग्वालियर के संचालक जोगेन्द्र पाल से पनीर का नमूना लिया। शेष 24 किलोग्राम पनीर, जिसकी अनुमानित कीमत 7,680 रुपये है, को नियमानुसार जप्त किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा लिए गए सभी नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story