ग्वालियरः गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन की व्यवस्थाओं का कलेक्टर ने लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियरः गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन की व्यवस्थाओं का कलेक्टर ने लिया जायजा


- विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा, प्रकाश और साफ-सफाई के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

ग्वालियर, 21 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पर्यावरण-अनुकूल तरीके से कराने के लिए सागर ताल के समीप बनाए गए अस्थाई कुंड एवं लघु जलाशयों का कलेक्टर रुचिका चौहान ने सोमवार देर रात औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विसर्जन स्थलों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा कि प्रतिमा विसर्जन के लिए आने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने मौके पर तैनात कर्मचारियों से ड्यूटी व्यवस्था की जानकारी ली तथा बैरिकेडिंग, गोताखोर, लाइफ जैकेट और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने विसर्जन स्थलों पर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी रखने और सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक इंतजाम पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन निर्धारित अस्थाई कुंड एवं तालाबों में ही करें और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग दें। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ग्वालियर सिटी प्रदीप कुमार शर्मा, नगर निगम अपर आयुक्त प्रदीप तोमर सहित पुलिस एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story