ग्वालियर : जैविक हाट में इस बार 55 हजार से अधिक की बिक्री हुई, कृषक गदगद

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियर : जैविक हाट में इस बार 55 हजार से अधिक की बिक्री हुई, कृषक गदगद


ग्वालियर, 11 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में आयोजित जैविक हाट में रसायनमुक्त अनाज, फल, सब्जियां व अन्य उत्पाद पाकर खुश हैं तो प्राकृतिक (जैविक) खाद्यान्न उत्पादक किसान भी अच्छी बिक्री से गदगद हैं। कलेक्टर रुचिका चौहान की पहल पर यह जैविक हाट (जैविक सेतु) हर रविवार को मेला रोड स्थित कृषि परिसर में लगती है। इस बार की हाट में प्राकृतिक खेती कर रहे किसानों की 55 हजार रुपये से अधिक की बिक्री हुई।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने शहरवासियों से इस जैविक हाट से रसायनमुक्त खाद्यान्न खरीदने की अपील की है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत ने रविवार को जैविक हाट का अवलोकन किया। साथ ही खरीदी भी की। इसी तरह अन्य अधिकारियों व शहरवासियों ने रसायनमुक्त खाद्यान्न खरीदे।

उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास रणवीर सिंह जाटव ने बताया कि इस बार की जैविक हाट में 14 किसान बिक्री के लिये अपने खेतों में जैविक पद्धति से उत्पादित खाद्यान्न लेकर आए थे।

जैविक हाट में स्टॉल लगाने के इच्छुक कृषक जैविक हाट प्रभारी मलखान सिंह गहलोत (मोबा. 9826189202) पर संपर्क कर सकते हैं। शहरवासियों को पसंद आया फ्लोरा शहद, मिलेट्स की भी खूब हुई बिक्री इस बार की जैविक हाट में एफपीओ विंध्याचल द्वारा उत्पादित फ्लोरा शहद आकर्षण का केन्द्र रहा। शहरवासियों ने इस शहद की खूब खरीदी की।

जिले के प्रगतिशील किसान बिलौआ निवासी प्राण सिंह ने 6500 रुपये के जैविक उत्पाद बेचे। जैविक हाट में 7000 के मिलेट्स उत्पाद, 4000 की दालें, 1000 का ज्वार का आटा और लगभग 3500 के वर्मी कम्पोस्ट की बिक्री हुई।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story