ग्वालियरः केन्द्रीय प्रशिक्षण महाविद्यालय में 88वें स्थापना दिवस का गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियरः केन्द्रीय प्रशिक्षण महाविद्यालय में 88वें स्थापना दिवस का गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण आयोजन


ग्वालियर, 27 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित केन्द्रीय प्रशिक्षण महाविद्यालय (केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल - केरिपुबल) का 88वाँ स्थापना दिवस सोमवार को पूरे उत्साह, गौरव एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।

इस अवसर पर बल के शौर्य, त्याग, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का स्मरण करते हुए सभी अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, कार्मिकों एवं प्रशिक्षणार्थियों ने देश की एकता, अखंडता एवं आंतरिक सुरक्षा के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता दोहराई।

उल्लेखनीय है कि केरिपुबल की स्थापना 27 जुलाई 1939 को हुई थी तथा आज यह देश का सबसे बड़ा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल है, जो अपने मूलमंत्र सेवा और निष्ठा के अनुरूप अनवरत राष्ट्र की सुरक्षा एवं जनसेवा में समर्पित है।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के कमांडेंट राकेश कुमार सिंह द्वारा शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देकर किया। कमांडेंट ने सभी अधिकारियों, कार्मिकों एवं प्रशिक्षणार्थियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में केरिपुबल ने अनेक चुनौतीपूर्ण अभियानों में अद्वितीय साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्कृष्ट व्यावसायिक दक्षता का परिचय दिया है।

उन्होंने वर्ष 1959 में हॉट स्प्रिंग लद्दाख,1965 में गुजरात के सरदार पोस्ट की ऐतिहासिक वीर गाथा का उल्लेख करते हुए बल के शौर्य को स्मरण किया। साथ ही जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद-रोधी अभियानों, वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में अभियानों, पूर्वोत्तर राज्यों में शांति एवं सुरक्षा स्थापना, चुनावों के दौरान निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने, वीआईपी सुरक्षा, दंगा नियंत्रण तथा प्राकृतिक आपदाओं के समय राहत एवं बचाव कार्यों में केरिपुबल की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

इसके अतिरिक्त, बल में शारीरिक दक्षता, टीम भावना एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में अधिकारियों, कार्मिकों एवं प्रशिक्षणार्थियों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। विजेता प्रतिभागियों को समारोह के दौरान सम्मानित किया गया तथा खेल भावना, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई। इस अवसर पर महाविद्यालय के कमांडेंट राकेश कुमार सिंह. उप कमांडेंट श्रमन चतुर्वेदी, उप कमांडेंट ऋषि कुमार, सहायक कमांडेंट अनुज कुमार, एस एस तलवार, धर्मेंद्र कुमार सहित संस्थान के सभी अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी, कार्मिक एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे। समारोह का समापन राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के प्रति केरिपुबल की अटूट प्रतिबद्धता तथा सेवा और निष्ठा के आदर्शों को और अधिक दृढ़ता से आत्मसात करने के संकल्प के साथ हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story