ग्वालियरः जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत सूरज कुण्ड को स्वच्छ और सुंदर बनाने की चली मुहिम

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियरः जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत सूरज कुण्ड को स्वच्छ और सुंदर बनाने की चली मुहिम


- ऊर्जा मंत्री तोमर के नेतृत्व में समाज के सभी वर्गों ने की भागीदारी

ग्वालियर, 04 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश में चल रहे जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत शनिवार को ग्वालियर दुर्ग पर स्थित ऐतिहासिक सूरज कुण्ड को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के नेतृत्व में प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों, गुरुद्वारा प्रबंध समिति के सदस्यों और नागरिकों ने सूरज कुण्ड की सफाई का कार्य विशेष अभियान चलाकर किया।

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के नेतृत्व में सूरज कुण्ड की काई को साफ करने के लिये सभी लोगों ने मिलजुलकर प्रयास किए। सभी लोगों के सहयोग से सूरज कुण्ड की सफाई का अभियान चलाकर कार्य किया गया। नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय के नेतृत्व में निगम का अमला मय संसाधनों के विशेष सफाई अभियान में लगा रहा।

ऊर्जा मंत्री तोमर ने सभी से आग्रह किया कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत सम्पूर्ण जिले में जल संरचनाओं के संरक्षण व संवर्धन का कार्य सभी के सहयोग से हाथ में लिया जाए। बरसात का पानी अधिक से अधिक संग्रहीत हो, इसके लिये शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में सार्थक प्रयास किए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि जल संरक्षण का कार्य केवल सरकार के भरोसे ही नहीं बल्कि समाज के सभी वर्गों के साथ मिलकर किया जाना चाहिए।

सूरज कुण्ड की सफाई अभियान में जनप्रतिनिधियों, गुरुद्वारा प्रबंध समिति के सदस्यों, नगर निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों ने मिलकर सूरज कुण्ड की सफाई का कार्य किया। नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने इस मौके पर बताया कि नगर निगम के माध्यम से शहर के सभी वार्डों में जल संरक्षण के कार्य को हाथ में लिया गया है। ग्वालियर में स्थित ऐतिहासिक बावड़ियों को साफ करने का कार्य भी किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story