ग्वालियरः “बलराम कृषि महोत्सव” 25 अगस्त को डबरा में, मुख्यमंत्री जिले के किसानों से करेंगे वर्चुअल संवाद

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियरः “बलराम कृषि महोत्सव” 25 अगस्त को डबरा में, मुख्यमंत्री जिले के किसानों से करेंगे वर्चुअल संवाद


- कलेक्टर रुचिका चौहान ने कार्यक्रम स्थल पर पहुँचकर तैयारियों का लिया जायजा

ग्वालियर, 24 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 25 अगस्त को ग्वालियर जिले के किसानों से संवाद और कृषि नवाचारों पर चर्चा करेंगे। “बलराम कृषि महोत्सव” के तहत 25 अगस्त को डबरा कृषि उपज मंडी परिसर में कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है। इसी कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे जिले के किसानों से मुख्यमंत्री डॉ. यादव वर्चुअल संवाद करेंगे। इस आयोजन में जिले के जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में प्रगतिशील कृषकगण शामिल होंगे।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने सोमवार को कृषि उपज मंडी डबरा पहुँचकर तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही कार्यक्रम को प्रभावी एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिये संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत एवं अपर कलेक्टर सीबी प्रसाद सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2026 को “कृषक कल्याण वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर प्रदेश के सभी जिलों में “बलराम कृषि महोत्सव” आयोजित किए जा रहे हैं। कृषक कल्याण वर्ष के दौरान किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कृषि एवं उद्यानिकी के साथ-साथ पशुपालन को भी विशेष रूप से बढ़ावा दिया जा रहा है। बलराम कृषि महोत्सव के तहत आयोजित होने जा रहे कार्यक्रम में किसानों की आय बढ़ाने, उनके जीवन स्तर को उन्नत करने तथा उनके समग्र कल्याण के उद्देश्य से सरकार द्वारा संचालित किसान हितैषी योजनाओं एवं कृषि की उन्नत तकनीकों का प्रदर्शन भी किया जायेगा। साथ ही कृषि विशेषज्ञों के साथ किसानों का सीधा संवाद भी होगा।

आयोजन के माध्यम से किसानों को नवीन तकनीकों के साथ बाजार आधारित कृषि मॉडल की जानकारी भी प्रदान की जाएगी। साथ ही प्रगतिशील किसानों एवं उनके मेधावी बच्चों को इस अवसर पर सम्मानित किया जायेगा। डबरा में “बलराम कृषि महोत्सव” के तहत आयोजित होने जा रहे कार्यक्रम में किसानों को डिजिटल कृषि सेवाओं, मौसम आधारित खेती, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, ड्रोन तकनीक, स्मार्ट सिंचाई, उन्नत कृषि यंत्रों एवं आधुनिक कृषि प्रबंधन प्रणालियों के संबंध में जानकारी दी जाएगी।

कृषि विशेषज्ञ किसानों को बदलती जलवायु के अनुरूप खेती की नई पद्धतियों, फसल उत्पादन में आधुनिक तकनीकों के उपयोग तथा कृषि जोखिमों के प्रभावी प्रबंधन के उपायों से भी अवगत कराएंगे। जिला प्रशासन द्वारा किसानों से “बलराम कृषि महोत्सव” के तहत डबरा में आयोजित होने जा रहे कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों एवं आधुनिक तकनीकों की जानकारी प्राप्त करने की अपील की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story