ग्वालियरः जिले में 6 जरूरतमंद महिलाएं बनेंगीं “शक्ति दीदी”

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियरः जिले में 6 जरूरतमंद महिलाएं बनेंगीं “शक्ति दीदी”


ग्वालियर, 28 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से शक्ति दीदी नवाचार के तहत जरूरतमंद महिलाओं को पेट्रोल पंपों पर फ्यूल डिलेवरी वर्कर के रूप में जिला प्रशासन द्वारा नौकरी दिलाई जा रही है। इसी क्रम में आज शनिवार को 6 जरूरतमंद महिलायें “शक्ति दीदी” बनेंगीं। जिले में वर्तमान में शक्ति दीदी के तहत पहले से ही जिले में 95 महिलाएं यह भूमिका सफलतापूर्वक निभा रही हैं।

जनसम्पर्क अधिकारी हितेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि कलेक्टर रुचिका चौहान सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी विभिन्न पेट्रोल पंपों पर पहुँचकर महिलाओं को “शक्ति दीदी” के रूप में फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी दिलाएंगे।

कलेक्टर दोपहर 12 बजे डबरा के रेस्ट हाउस के स्थित गुप्ता पेट्रोल पंप पर रजिया खान व आरती जाटव को शक्ति दीदी की जिम्मेदारी सौंपेंगी। इसी तरह कलेक्ट्रेट के सामने स्थित संस्कृति फिलिंग स्टेशन पर कशिश जाटव, जैन मोटर्स कम्पू पर हेमलता व कंचन एवं रायरू स्थित कैप्टन उपाध्याय फिलिंग स्टेशन पर लाली देवी को शक्ति दीदी के रूप में फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story