ग्वालियरः धौलपुर से लाया गया 4,526 किलो मिल्क केक जब्त

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियरः धौलपुर से लाया गया 4,526 किलो मिल्क केक जब्त


- जन-सुनवाई में मिली सूचना पर पुरानी छावनी क्षेत्र में की गई कार्रवाई

ग्वालियर, 25 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में मंगलवार को जन-सुनवाई में मिली खाद्य पदार्थों में मिलावट संबंधी सूचना के आधार पर जिला प्रशासन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने पुरानी छावनी क्षेत्र में छापामार कार्रवाई करते हुए लगभग 4,526 किलोग्राम मिल्क केक जब्त किया है।

जिला प्रशासन के अनुसार, जब्त मिल्क केक की अनुमानित कीमत लगभग 7 लाख 24 हजार रुपये है। यह मिल्क केक धौलपुर से ग्वालियर लाया जा रहा था। कलेक्ट्रेट में आयोजित जन-सुनवाई के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने मिल्क केक में मिलावट की आशंका संबंधी सूचना दी थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने तत्काल कार्रवाई की।

मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जन-सुनवाई में 130 लोगों की सुनवाई की गई। प्राप्त आवेदनों में से 75 आवेदन दर्ज किए गए, जबकि 55 आवेदन सीधे संबंधित अधिकारियों को निराकरण के लिए सौंपे गए। जन-सुनवाई में अपर कलेक्टर श्री सी. बी. प्रसाद एवं श्री अनिल बनवारिया सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों ने एक-एक कर सभी आवेदकों की समस्याएं सुनीं तथा उनके निराकरण की रूपरेखा तय की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story