ग्वालियरः 10 दिवसीय पुस्तक मेला शुरू, कलेक्टर ने दुकानदारों, अभिभावकों व बच्चों से की चर्चा
- 10 दिवसीय पुस्तक मेला प्रारंभ, बड़ी संख्या में बच्चों के साथ पहुँचे अभिभावक
ग्वालियर, 25 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में संचालित विभिन्न स्कूलों में अध्ययनरत बच्चों को सस्ती दर पर किताबें, यूनीफॉर्म व स्टेशनरी उपलब्ध कराने के लिये बुधवार शाम को 10 दिवसीय पुस्तक मेले का शुभारंभ हुआ।
ग्वालियर में 03 अप्रैल तक चलने वाला यह मेला प्रात: 10 बजे से रात्रि 10 बजे तक खुला रहेगा। कलेक्टर रुचिका चौहान ने बुधवार को पुस्तक मेले का दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया। उन्होंने इस मौके पर मेले में लगे सभी स्टॉलों का अवलोकन कर दुकानदारों के साथ मेले में आए अभिभावकों और बच्चों से भी चर्चा की।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने अभिभावकों एवं बच्चों से चर्चा करते हुए बताया कि पुस्तक मेले में सबीएसई, आईईएसई व एमपी बोर्ड से संबंधित सभी निजी स्कूल के पाठ्यक्रम के अनुसार पुस्तकें, यूनीफॉर्म एवं स्कूल में लगने वाली अन्य सामग्री उपलब्ध कराई गई है। कलेक्टर रुचिका चौहान ने नागरिकों से कहा है कि पुस्तक मेले में विभिन्न काउण्टरों पर निजी स्कूल की किताबें एवं स्टेशनरी उपलब्ध है। अभिभावक मेले में भ्रमण कर अपनी इच्छानुसार दुकान से स्टेशनरी व पुस्तकें क्रय कर सकते हैं। किसी एक ही दुकान पर पुस्तकें एवं स्टेशनरी उपलब्ध न होकर विभिन्न दुकानों पर उपलब्ध कराई गई हैं। पुस्तक मेले के शुभारंभ अवसर पर अपर कलेक्टर कुमार सत्यम, सीईओ जिला पंचायत सोजान सिंह रावत सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिये बुक बैंक
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के जरूरतमंद बच्चों को नि:शुल्क पुस्तकें उपलब्ध कराने के लिये पुस्तक मेला परिसर में बुक बैंक भी स्थापित किया गया है। ऐसे स्कूली विद्यार्थी जो अपनी पिछली कक्षा की किताबें दान करना चाहते हैं वे बुक बैंक में अपनी किताबें जमा कर सकेंगे। ज्ञात हो पिछली साल बनाए गए बुक बैंक से 700 जरूरतमंद बच्चों ने नि:शुल्क पुस्तकें प्राप्त की थीं।
हैल्पलाइन नंबर
पुस्तक विक्रेताओं एवं स्कूली बच्चों व उनके अभिभावकों की मदद के लिए जिला प्रशासन द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से हैल्पलाईन नंबर भी जारी कराया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के कॉर्डिनेटर आईटी सेल अरविंद तोमर (मोबा. 98935-87573) से संपर्क कर पुस्तक मेला के संबंध मे जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। साथ ही पुस्तक मेला के संबंधित समस्याएं भी दर्ज कराई जा सकेंगी।
पुस्तक मेले में पार्किंग की पुख्ता व्यवस्था
प्रशासन द्वारा 25 मार्च से 03 अप्रैल तक आयोजित किए जा रहे पुस्तक मेले में आने वाले छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों के लिये मेले में सभी व्यवस्थायें की गई हैं। वाहन पार्किंग के लिये भी पृथक से व्यवस्था की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

