गुनाः स्कूल में छात्राओं की बोतलों में पेशाब मिलाया, परिजनों ने किया हंगामा

WhatsApp Channel Join Now
गुनाः स्कूल में छात्राओं की बोतलों में पेशाब मिलाया, परिजनों ने किया हंगामा


गुना, 18 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के गुना जिले के एक सरकारी स्कूल में छात्राओं की बोतलों में शरारती छात्रों द्वारा पेशाब मिलाने का मामला सामने आया है। घटना सोमवार की है। मंगलवार को गुस्ताए परिजनों ने स्कूल में जमकर हंगामा किया।

बताया जा रहा है कि स्कूल की कक्षा 5वीं की 10 छात्राओं क्लास रूम से बाहर रंगोली बना रही थीं, तभी शरारती छात्रों ने उनकी बोतल में क्लासमेट्स ने पेशाब मिला दिया। छात्राओं ने पेशाब मिला पानी पी भी लिया। इसके बाद छात्राओं को पता चला कि उनकी पानी की बोतलों में मूत्र मिला दिया गया था। वे रोते-बिलखते हुए स्कूल की प्राचार्य के पास शिकायत लेकर पहुंचीं। इस दौरान प्राचार्य मूलचंद कौशिक ने कहा कि मुंह खराब हो गया हो तो 10-10 वाली चॉकलेट खा लो।

इसके बाद छात्राएं रोते हुए घर पहुंचीं और स्कूल की घटना की जानकारी दी। मामले की जानकारी लगते ही परिजन गुस्से में आ गए। मंगलवार को बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण स्कूल पहुंचे और हंगामा किया। आक्रोशित परिजन ने विरोध दर्ज कराते हुए स्कूल में ताला जड़ दिया। उन्होंने घटना में शामिल दोषी छात्रों और मामले में ढुलमुल रवैया अपनाने की आरोपी प्राचार्य के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों और परिजन ने नारेबाजी भी की। स्कूल परिसर में हंगामा बढ़ने और स्थिति तनावपूर्ण होने की सूचना प्रशासन को दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोन एसडीएम मंजूषा खत्री ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने तहसीलदार कृष्णकांत चौबे और बीईओ संतोष धाकड़को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने के निर्देश दिए। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित छात्राओं, उनके परिजन और आरोपी छात्रों के विस्तृत बयान दर्ज किए। प्रशासन ने पूरे मामले की जानकारी जुटाई और घटनाक्रम से जुड़े पक्षों से पूछताछ की। एसडीएम मंजूषा खत्री ने बीईओ को घटनाक्रम की जांच करने के निर्देश दिए हैं।

एसडीएम मंजूषा खत्री ने बताया कि घटना सामने आने के बाद तहसीलदार और बीईओ को मौके पर भेजा गया। दो दिन में जांच पूरी कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। प्राचार्य को भी नोटिस जारी किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story