मप्रः राज्यपाल पटेल ने लोकभवन में आयोजित किया स्वागत समारोह

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः राज्यपाल पटेल ने लोकभवन में आयोजित किया स्वागत समारोह


मप्रः राज्यपाल पटेल ने लोकभवन में आयोजित किया स्वागत समारोह


मप्रः राज्यपाल पटेल ने लोकभवन में आयोजित किया स्वागत समारोह


- संगीत एवं कला विश्वविद्यालय, ग्वालियर के विद्यार्थियों ने दी प्रस्तुति

भोपाल, 15 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने शनिवार को राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोकभवन में स्वागत समारोह का आयोजन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी उपस्थित थे। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने आमंत्रित अतिथियों के साथ स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाओं का पारस्परिक आदान-प्रदान किया।

राज्यपाल मंगुभाई पटेल का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वतंत्रता दिवस स्वागत समारोह में पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। स्वागत समारोह में पुलिस बैंड ने राष्ट्रगान की धुनों का वादन किया। राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय, ग्वालियर के विद्यार्थियों की देशभक्ति की भावनाओं से ओतप्रोत गीतों की मनोहारी प्रस्तुतियों ने वातावरण को राष्ट्रप्रेम और गौरव से भर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ की संपूर्ण संगीतमय प्रस्तुति से हुआ। ‘हर घर तिरंगा’ गीत ने राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। ‘भारत हमारी माँ है’ ने मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना जगाई, वहीं ‘वसुंधरा परिवार हमारा’ ने वसुधैव कुटुम्बकम की भारतीय संस्कृति को स्वर दिया। ‘जय जन भारत’ और ‘भारत के कण-कण पर अंकित’ जैसे गीतों ने भारत के गौरवशाली इतिहास, सामर्थ्य और विश्वगुरु परंपरा का प्रभावशाली स्मरण कराया। प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमुदाय में राष्ट्रभक्ति, एकता और गौरव का संचार किया।

राज्यपाल पटेल ने कार्यक्रम में राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय, ग्वालियर के छात्र-छात्राओं को लोकभवन में देशभक्ति के गीतों की प्रस्तुति के लिए और योग गुरू राजीव जैन को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर लोकभवन में मध्य प्रदेश के महान जननायकों पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया था।

लोकभवन में आयोजित स्वागत समारोह में हरियाणा के पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, महापौर मालती राय, विधायकगण रामेश्वर शर्मा व भगवानदास सबनानी, नगर निगम सभापति किशन सूर्यवंशी, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला, अपर मुख्य सचिव संजय शुक्ल, राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी, विभिन्न आयोगों के पदाधिकारी, पद्म पुरस्कारों से सम्मानित विशिष्टजन, न्यायिक अधिकारी, निगम मंडलों के अध्यक्ष, विश्वविद्यालयों के कुलगुरू, विभिन्न धर्मों के धर्मगुरू, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, सेना, पुलिस, प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक गण, राजनैतिक, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, मेधावी विद्यार्थी, सेना अलंकरण से सम्मानित सैनिक, दिव्यांगजन, उत्कृष्ट खिलाड़ी आदि शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story