मध्य प्रदेश की पहचान उसके गौरवशाली इतिहास, समृद्धि संस्कृति और जनजातीय परंपराओं से है: हेमंत खण्डेलवाल

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश की पहचान उसके गौरवशाली इतिहास, समृद्धि संस्कृति और जनजातीय परंपराओं से है: हेमंत खण्डेलवाल


बैतूल/भोपाल, 01 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की पहचान उसके गौरवशाली इतिहास, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय परंपराओं से है। प्रदेश ने बीते वर्षों में सड़क, बिजली, सिंचाई, उद्योग और अधोसंरचना के क्षेत्र में प्रगति की है। अब बैतूल को औद्योगिक विकास, रोजगार, पर्यटन, शिक्षा और खेल सुविधाओं के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। जिले में 1000 एकड़ से अधिक का लैंड बैंक उपलब्ध कराने, आधुनिक ऑडिटोरियम बनाने और खेल सुविधाओं का विस्तार करने की योजना है।

यह बात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने रविवार को बैतूल के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के जिला स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कार्यक्रम में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किए। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, लोकतंत्र सेनानियों और उनके परिजनों का सम्मान भी किया गया।

1000 एकड़ से अधिक का लैंड बैंक बनाने की तैयारी

खण्डेलवाल ने कहा कि बैतूल में औद्योगिक विकास के लिए भूमि की उपलब्धता एक बड़ी चुनौती रही है। जिले का बड़ा भू-भाग वन क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण उद्योगों के लिए जमीन उपलब्ध कराना आसान नहीं है। इस समस्या के समाधान के लिए अनुपयोगी और खाली भूमि के संबंध में अदला-बदली की संभावनाओं पर काम किया जा रहा है। प्रयास है कि आने वाले समय में बैतूल को 1000 एकड़ से अधिक का लैंड बैंक उपलब्ध कराया जाए। इससे नए उद्योगों की स्थापना का रास्ता खुलेगा और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।

उन्होंने कहा कि बैतूल के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है। जिले में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस और स्विमिंग सहित विभिन्न खेलों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित करने की तैयारी है, ताकि स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए बड़े शहरों पर निर्भर न रहना पड़े।

सड़क कनेक्टिविटी और आधारभूत सुविधाओं का होगा विस्तार

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पहले बैतूल जिले के कई गांव बारिश के दौरान मुख्यालय से कट जाते थे। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क का विस्तार हुआ और दूरस्थ इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। बैतूल से भोपाल, नागपुर और अन्य प्रमुख शहरों तक आवागमन की सुविधाएं भी लगातार मजबूत हुई हैं।

उन्होंने बताया कि आने वाले समय में बैतूल-अमरावती मार्ग को समृद्धि महामार्ग से जोड़ने तथा अन्य फोरलेन परियोजनाओं के माध्यम से जिले की कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने के प्रयास किए जाएंगे। उनके अनुसार, सड़क सुविधाओं का विस्तार औद्योगिक गतिविधियों, व्यापार और स्थानीय रोजगार के लिए भी महत्वपूर्ण होगा।

कुकरू और ताप्ती उद्गम को पर्यटन से जोड़ने की योजना

खण्डेलवाल ने बैतूल की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि खेड़ला किला, मुलताई का ताप्ती उद्गम, सतपुड़ा क्षेत्र और कुकरू जिले के प्रमुख पर्यटन केंद्र हैं। कुकरू को मध्यप्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।

उन्होंने ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व और बैतूल में बटरफ्लाई पार्क जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे जैव विविधता और वन्यजीव संरक्षण के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है। पर्यटन गतिविधियां बढ़ने से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर विकसित होंगे।

आधुनिक ऑडिटोरियम से स्थानीय कलाकारों को मिलेगा मंच

उन्होंने कहा कि बैतूल में बड़े सांस्कृतिक आयोजनों के लिए आधुनिक ऑडिटोरियम की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। आने वाले समय में शहर में बड़े और आधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण कराया जाएगा। इससे राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों के कार्यक्रम आयोजित करने के साथ स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

बरसाली के केंद्र बिंदु क्षेत्र को भी विकसित करने की योजना

खण्डेलवाल ने बरसाली के समीप स्थित भारत के केंद्र बिंदु के रूप में पहचान रखने वाले क्षेत्र के विकास की योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र को पर्यटन और ऐतिहासिक दृष्टि से विकसित कर बैतूल की विशिष्ट पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। बैतूल में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग, खेल, संस्कृति और पर्यटन के क्षेत्र में सुविधाओं का विस्तार करने की दिशा में काम किया जा रहा है।

कार्यक्रम में विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, विधायक गंगाबाई उइके, नगर पालिका अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार सहित जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770686 Articles

Share this story