जेन-जी अपने ज्ञान, कौशल और नवाचार से विकसित भारत के सपने को साकार करने में निभाएं भूमिका: सिलावट

WhatsApp Channel Join Now
जेन-जी अपने ज्ञान, कौशल और नवाचार से विकसित भारत के सपने को साकार करने में निभाएं भूमिका: सिलावट


- भारतीय पत्रकारिता महोत्सव इंदौर में शामिल हुए मंत्री तुलसीराम सिलावट

इंदौर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने ज़ेन-जी पत्रकारों और शोधार्थियों को आव्हान किया कि वे अपने ज्ञान, कौशल और नवाचार से आगे बढ़ें तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वर्ष 2047 में विकसित भारत के सपने को साकार करें। जेन-जी भारत का भविष्य है और युग निर्माता है। इसको आगे बढ़ाना हम सब का दायित्व है। भारत को जेन-जी से बहुत अधिक अपेक्षा है।

मंत्री सिलावट रविवार को स्टेट प्रेस क्लब, म.प्र. द्वारा जाल सभागृह, इंदौर में आयोजित भारतीय पत्रकारिता महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में स्टेट प्रेस क्लब, म.प्र. के अध्यक्ष प्रवीण खारीवाल, इंडियन वुमन्स प्रेस कॉर्प की अध्यक्ष सुजाता राघवन, पत्रकार शिवांगी द्विवेदी, वरिष्ठ पत्रकार मनोहर लिम्बोदिया, शिक्षाविद राजेंद्र जैन विशेष रूप से उपस्थित थे।

मंत्री सिलावट ने कहा कि भारत युवा देश है, यहाँ सर्वाधिक संख्या युवाओं की है। देश का हृदय स्थल मध्य प्रदेश है और प्रदेश का हृदय स्थल इंदौर है। इंदौर पत्रकारिता की उर्वरा भूमि है, जिसने देश और विदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के मूर्धन्य संपादक और पत्रकार दिए है। ऐसे शहर में पत्रकारिता के विभिन्न आयामों पर खुलकर चर्चा होना स्वागत योग्य कदम है।

उन्होंने आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि भारतीय पत्रकारिता महोत्सव में देश के कौने-कौने से आए सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों की चर्चा से जो अमृत निकलेगा, वह भाषायी पत्रकारिता के उन्नयन में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तक पत्रकारिता के उत्थान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे है और इसके अच्छे परिणाम भी प्राप्त हो रहे है।

कार्यक्रम का प्रारंभ सिलावट अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। मंत्री सिलावट ने कार्यक्रम स्थल पर आयोजित छायाचित्र प्रदर्शनी और जेन-जी पर आधारित कार्टून प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि महोत्सव में मीडियाकर्मियों के साथ छायाकारों को भी महत्त्व दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story