मप्रः पुलिस स्मृति दिवस की फुलड्रेस एवं फायनल रिहर्सल हुईं

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः पुलिस स्मृति दिवस की फुलड्रेस एवं फायनल रिहर्सल हुईं


- पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने किया परेड का निरीक्षण

भोपाल, 18 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में पुलिस स्मृति दिवस परेड की फुलड्रेस एवं फायनल रिहर्सल सोमवार को राजधानी भोपाल के लाल परेड मैदान स्थित शहीद स्मारक प्रांगण में की गई। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने फुलड्रेस रिहर्सल परेड का निरीक्षण किया। साथ ही पुलिस स्मृति दिवस की अन्य व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।

हर साल की तरह पुलिस स्मृति दिवस 21 अक्टूबर को प्रात: 8.30 बजे लाल परेड मैदान स्थित शहीद स्मारक प्रांगण में आयोजित होगा। सोमवार को पुलिस स्मृति दिवस के लिए हुई फुलड्रेस रिहर्सल के दौरान मुख्य अतिथि की भूमिका प्रधान आरक्षक राजमणी सिंह ने निभाई। फायनल अभ्यास परेड का नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उज्जैन मनश्वी शर्मा ने किया। परेड के टू-आई-सी राज्य पुलिस सेवा के उप पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र प्रसाद नगपुरे हैं। परेड में जिला बल एवं विशेष सशस्त्र बल की महिला प्लाटून, विशेष सशस्त्र बल की पुरूष प्लाटून, जिला पुलिस बल की पुरूष प्लाटून, होमगार्ड प्लाटून, पाल-बेयरर पार्टी, कलर पार्टी, पुलिस बैंड प्लाटून, अश्वरोही दल और श्वान दल की टुकड़ियाँ शामिल हैं।

फुलड्रेस रिहर्सल के समय अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एसएएफ डी श्रीनिवास वर्मा, कमांडेंट सातवीं वाहिनी हितेश चौधरी एवं अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद थे। इस दौरान पुलिस बैंड द्वारा निकाली जा रही देशभक्ति के गीतों की मधुर धुन के बीच शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। आरंभ में पाल-बेयरर पार्टी द्वारा सम्मान सूची को स्मारक कोष में स्थापित किया गया और शहीद स्मारक को सलामी दी गई।

गौरतलब है कि लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में 16 हजार फीट की ऊँचाई पर 21 अक्टूबर 1959 को सीआरपीएफ के जवानों की टुकड़ी, सब इन्सपेक्टर करम सिंह के नेतृत्व में गश्त कर रही थी, तभी चीनी सेना के साथ मुठभेड़ में 10 जवान शहीद हो गये थे। उन्हीं की स्मृति में यह दिवस देश की समस्त पुलिस इकाईयों द्वारा मनाया जाता है। इस वर्ष मध्य प्रदेश पुलिस के 09 जवानों ने देश के लिए अपनी शहादत दी है। शहीद कर्मियों में स्व. आशीष शर्मा निरीक्षक (वि.स. बल), स्व. अशोक शर्मा उप निरीक्षक, स्व. मदनलाल निनामा सहायक उप निरीक्षक, स्व. परिमाल सिंह तोमर प्रधान आरक्षक 291, स्व. ओम प्रकाश भवेदी का.वा. प्रधान आरक्षक-40, स्व. सर्जन सिंह भील का.वा. प्रधान आरक्षक-580, स्व. आरती पाल महिला आरक्षक-1480, स्व. महेश प्रसाद पाठक आरक्षक-98 एवं स्व. विकास चतुर्वेदी आरक्षक-987 शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763722 Articles

Share this story