मप्रः पुलिस स्मृति दिवस परेड की फुल ड्रेस फायनल रिहर्सल सोमवार को

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः पुलिस स्मृति दिवस परेड की फुल ड्रेस फायनल रिहर्सल सोमवार को


- 21 अक्टूबर को मनेगा पुलिस स्मृति दिवस

भोपाल, 18 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में शहीद पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए हर साल की भाँति इस साल भी 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाएगा। यहाँ लाल परेड मैदान स्थित शहीद स्मारक स्थल पर प्रात: 8.30 बजे पुलिस परेड का आयोजन होगा। पुलिस स्मृति दिवस पर आयोजित होने वाली परेड की फुलड्रेस फायनल रिहर्सल सोमवार, 19 अक्टूबर को प्रात: 8.30 बजे लाल परेड मैदान पर होगी।

पुलिस मुख्यालय द्वारा रविवार को जानकारी दी गई कि मध्य प्रदेश में इस साल कर्तव्यवेदी पर प्रदेश के 09 पुलिस जवान शहीद हुए हैं। शहीद कर्मियों में स्व. आशीष शर्मा निरीक्षक (वि.स. बल) 25वीं वाहिनी वि.स. बल, भोपाल हाल पदस्थ हॉक फोर्स, बालाघाट, स्व. अशोक शर्मा उप निरीक्षक जिला पुलिस बल, उज्जैन, स्व. मदनलाल निनामा सहायक उप निरीक्षक जिला पुलिस बल, उज्जैन, स्व. परिमाल सिंह तोमर प्रधान आरक्षक 291 बी.डी.डी.एस., जिला मुरैना, स्व. ओम प्रकाश भवेदी का.वा. प्रधान आरक्षक-40 जिला पुलिस बल, उमरिया, स्व. सर्जन सिंह भील का.वा. प्रधान आरक्षक-580 जिला पुलिस बल, राजगढ़, स्व. आरती पाल महिला आरक्षक-1480 जिला पुलिस बल, उज्जैन, स्व. महेश प्रसाद पाठक, आरक्षक-98 जिला पुलिस बल, शहडोल एवं स्व. विकास चतुर्वेदी आरक्षक-987 जिला पुलिस बल, सतना शामिल हैं। राजधानी भोपाल की तरह प्रदेश भर की विभिन्न पुलिस इकाईयों में भी 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763241 Articles

Share this story