मप्र के शहडोल में पुलिस को देख भागे चार युवक तालाब में कूदे, तीन की मौत

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के शहडोल में पुलिस को देख भागे चार युवक तालाब में कूदे, तीन की मौत


- परिजनों ने किया हंगामा

शहडोल, 09 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल में सोमवार की रात गश्त कर रही पुलिस को देखकर चार युवक चौपाटी के पीछे तालाब में कूद गए। इस हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक घायल है, जिसका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, चारों युवक चौपाटी के पीछे बैठकर खा-पी रहे थे। इस दौरान वहां गश्ती पुलिस पहुंची तो उसे देखकर युवक तालाब में कूद गए थे। इनमें एक युवक तैरकर बाहर निकल आया, जबकि तीन गहरे पानी में डूब गए। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद एसडीईआरएफ की टीम ने तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद जिला अस्पताल में परिजनों ने हंगामा किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना शाम करीब 7:30 से 7:45 बजे के बीच हुई। सूचना मिलते ही सोहागपुर और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एसडीईआरएफ की टीम को बुलाकर तालाब में युवकों की तलाश शुरू की गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने तीनों युवकों को अचेत हालत में बाहर निकाला। एक युवक को मोटरसाइकिल से और दो को पुलिस वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान घरौला मोहल्ला निवासी समीर बंशकार, गौरव बंशकार और दुर्गेश बंशकार के रूप में हुई है। वहीं, पुष्पेंद्र उर्फ पंकज की हालत गंभीर बताई गई है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

जानकारी मिलने के बाद मृतक युवकों के परिजन और मोहल्ले के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और जमकर हंगामा किया। पुलिस पर आरोप लगाया कि पुलिस ने जानबूझकर खदेड़ा है, जिसके डर से युवक तालाब में कूदे और उनकी जान चली गई। घटना को लेकर अस्पताल परिसर में आक्रोश का माहौल है। घटना के बाद तहसीलदार समेत प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे। स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

जानकारी मिलने के बाद रात करीब 10:30 बजे जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय अवस्थी भी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों की अनुपस्थिति और एंबुलेंस में देरी को लेकर विरोध जताया। इसके बाद वे अस्पताल के सामने धरने पर बैठ गए। अवस्थी ने आरोप लगाया कि न तो एंबुलेंस समय पर मौके पर पहुंची और न ही जिला अस्पताल में डॉक्टर मिले। उनका कहना था कि समय पर एंबुलेंस और डॉक्टरों की उपलब्धता होती तो युवकों की जान बचाई जा सकती थी।

कोतवाली थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि गश्ती पुलिस को देखने के बाद युवक खुद भागे हैं। पुलिस ने खदेड़ा नहीं है, रोज की तरह गश्त करने गई थी। उन्होंने बताया कि युवक वहां बैठकर खा-पी रहे थे और डर के मारे अचानक पुलिस को देखकर तालाब की ओर भागे और उसमें गिर गए, जिसके कारण यह घटना हुई। तीन युवकों के शव मिल गए हैं और एक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शहडोल के सीएसपी राजेंद्र मोहन दुबे ने बताया कि चार युवक तालाब में कूदे थे। इनमें से एक बाहर निकल आया, जबकि तीन की डूबने से मौत हो गई। युवकों के तालाब में कूदने की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774640 Articles

Share this story