मप्र के छिंदवाड़ा में 150 फीट से गिरते झरने में फंसे महाराष्ट्र के चार युवक, एसडीईआरएफ ने किया रेस्क्यू

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के छिंदवाड़ा में 150 फीट से गिरते झरने में फंसे महाराष्ट्र के चार युवक, एसडीईआरएफ ने किया रेस्क्यू


मप्र के छिंदवाड़ा में 150 फीट से गिरते झरने में फंसे महाराष्ट्र के चार युवक, एसडीईआरएफ ने किया रेस्क्यू


छिंदवाड़ा, 13 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में मोहखेड़ के कुकड़ीखापा जलप्रपात में रविवार को नागपुर (महाराष्ट्र) के चार युवक अचानक बढ़े पानी के बीच फंस गए। वे करीब डेढ़ घंटे तक 150 फीट ऊंचाई से गिरते पानी के नीचे चट्टान पर बैठे रहे। तेज बहाव के कारण उनके लिए वापस लौटना संभव नहीं था।

पर्यटकों की सूचना पर पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। स्टेट कमांड सेंटर और पुलिस कंट्रोल रूम के निर्देश पर पहुंची एसडीईआरएफ की टीम ने करीब 150 फीट गहराई में उतरकर चारों को सुरक्षित बाहर निकाला। चारों युवक सुरक्षित हैं।

पुलिस के मुताबिक, नागपुर से आए चारों युवक रविवार को कुकड़ीखापा जलप्रपात घूमने पहुंचे थे। वे फोटो और वीडियो बनाने के लिए पानी के बीच चट्टानों तक चले गए। इसी दौरान अचानक जलस्तर बढ़ गया। पानी का बहाव तेज हो गया। रास्ता डूबने के कारण युवक वापस नहीं लौट सके। वे एक चट्टान पर बैठकर मदद का इंतजार करते रहे। वहां मौजूद दूसरे पर्यटकों ने उन्हें फंसा देखा। इसके बाद डायल-112 पर सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर मोहखेड़ थाना प्रभारी और उमरानाला चौकी प्रभारी राजेश साहू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पानी का बहाव तेज होने के कारण पुलिस के लिए तत्काल नीचे उतरना संभव नहीं था। चार युवकों के फंसे होने की सूचना स्टेट कमांड सेंटर और पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। इसके बाद डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट स्नेहलता पाठ्या के निर्देश पर एसडीईआरएफ की टीम को रवाना किया गया।

रेस्क्यू टीम कंपनी कमांडर गणेश कुमार धुर्वे के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। जवानों ने सुरक्षा उपकरणों के साथ जलप्रपात के नीचे उतरकर चट्टान तक पहुंचने का प्रयास किया। करीब 150 फीट गहराई में पहुंचने के बाद टीम ने रस्सियों की मदद से युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला। करीब डेढ़ घंटे तक चले घटनाक्रम का रेस्क्यू के बाद सुरक्षित अंत हुआ।

रेस्क्यू किए गए युवकों की पहचान श्याम (25) पुत्र केशव बोरकर, अथर्व (22) पुत्र आनंद राव ओके, मनीष (25) पुत्र रामेश्वर उइके और सतीश (23) पुत्र श्रवण बावने के रूप में हुई है। चारों नागपुर के रहने वाले हैं। अभियान में सैनिक राजा मर्सकोले, स्पर्श यादव, प्रवीण धुर्वे, सुमित शर्मा, दीपेंद्र बरकडे, अजय धुर्वे और सचिन विश्वकर्मा शामिल रहे। पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story