मप्रः मानव-सर्प संघर्ष की रोकथाम और सर्प संरक्षण के लिए वन विभाग की पहल
- भोपाल में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय सर्प रेस्क्यू प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ प्रारंभ
भोपाल, 18 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मानव-सर्प संघर्ष की घटनाओं की रोकथाम, आम नागरिकों की सुरक्षा और सर्प संरक्षण के उद्देश्य से वन विभाग द्वारा व्यवस्थित एवं वैज्ञानिक सर्प रेस्क्यू व्यवस्था विकसित की जा रही है। इसे अधिक प्रभावी, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने के लिए वन विभाग द्वारा ‘शिवा’ (स्नेक ह्यूमन इंटरफेस विजिलेंस अवेयरनेस एंड एक्शन) नामक मोबाइल एप्लिकेशन विकसित किया जा रहा है। इसके माध्यम से आम नागरिक सर्प दिखाई देने पर संबंधित स्थान से अलर्ट भेज सकेंगे।
प्रशिक्षित सर्प रेस्क्युअर्स का नेटवर्क तैयार करने और सर्पों के रेस्क्यू से लेकर सुरक्षित परिवहन और प्राकृतिक आवास में पुनर्स्थापन तक की प्रक्रिया को मानकीकृत करने के लिए वन भवन, भोपाल में बुधवार को तीन दिवसीय राज्य स्तरीय सर्प रेस्क्यू प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
20 नवंबर तक आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ बुधवार को प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख शुभरंजन सेन, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक डॉ. समीता राजोरा तथा प्रधान मुख्य वन संरक्षक (विकास) बसवराव अन्निगेरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदेश में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत सूचीबद्ध 44 सर्प प्रजातियों, जिनमे विषैले सर्पों की प्रमुख चार प्रजातियों (बिग फोर) के साथ अजगर, धामन और अन्य विषहीन सर्प प्रजातियां भी शामिल हैं, के संरक्षण की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला गया। अध्ययन के आधार पर संरक्षित क्षेत्रवार सर्प संरक्षण कार्ययोजना तैयार करने, दीर्घकालीन सर्प निगरानी प्रोटोकॉल विकसित करने तथा दुर्लभ एवं संकटग्रस्त प्रजातियों की विशेष निगरानी की अनुशंसा की गई। अमरकंटक में पाई जाने वाली शील्ड टेल्ड स्नेक (यूरोपेल्टिस) और कान्हा क्षेत्र में पाई जाने वाली सालाजार पिट वाइपर जैसी प्रजातियों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई गई।
विभाग की यह पहल केवल सर्पों को पकड़ने का प्रशिक्षण देने तक सीमित नहीं है, बल्कि मानव और वन्यजीवों के बीच सह-अस्तित्व की भावना को प्रोत्साहित करने की व्यापक पहल है। इससे अनधिकृत एवं अप्रशिक्षित रेस्क्यू पर नियंत्रण, सर्पों की अनावश्यक मृत्यु की रोकथाम, मानव-सर्प संघर्ष की घटनाओं में सुरक्षित एवं त्वरित प्रतिक्रिया तथा आम नागरिकों में सर्पों के प्रति भय और भ्रांतियों को दूर करने में मदद मिलेगी।
43 प्रतिभागियों को दिया जा रहा वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण
तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न वनमंडलों के होमगार्ड, एसडीआरएफ के प्रतिनिधियों और आम नागरिकों सहित कुल 43 प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं। विशेषज्ञ सर्पों की विभिन्न प्रजातियों की पहचान, विषैले एवं विषहीन सर्पों में अंतर, उनके व्यवहार और प्राकृतिक आवास, सुरक्षित रेस्क्यू तकनीक तथा मानव-सर्प संघर्ष की स्थिति में अपनाए जाने वाले वैज्ञानिक उपायों की जानकारी दे रहे हैं। सर्पों से संबंधित कानूनी प्रावधानों का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में विशेष रूप से कोबरा, करैत, रसेल वाइपर और सॉ-स्केल्ड वाइपर जैसी प्रमुख विषैली प्रजातियों की पहचान एवं उनके व्यवहार की जानकारी दी जा रही है। साथ ही सर्पों के संबंध में समाज में प्रचलित अंधविश्वासों और भ्रांतियों को दूर करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
प्रतिभागियों का प्रशिक्षण के आधार पर लिखित, मौखिक और प्रायोगिक परीक्षण के माध्यम से मूल्यांकन किया जाएगा। इसमें सफल प्रतिभागियों को ही सर्प रेस्क्यू के लिए अधिकृत किया जाएगा। भविष्य में अधिकृत व्यक्ति ही रेस्क्यू कार्य कर सकेंगे और उन्हें ‘शिवा’ ऐप पर पंजीकृत किया जाएगा।
मानव और वन्यजीवों के सह-अस्तित्व को बढ़ावा देना उद्देश्य
प्रशिक्षण कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य प्रशिक्षित एवं जिम्मेदार सर्प रेस्क्यू स्वयंसेवकों का नेटवर्क विकसित करना, सर्पों के प्रति समाज में व्याप्त भय एवं भ्रांतियों को दूर करना तथा जैव विविधता और पर्यावरण संतुलन में सर्पों की महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति जनजागरुकता बढ़ाना है। विशेषज्ञों ने बताया कि सर्प पारिस्थितिकी तंत्र के महत्वपूर्ण घटक हैं और पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। इसलिए सर्प दिखाई देने पर उन्हें मारने के बजाय प्रशिक्षित एवं अधिकृत रेस्क्यू कर्मियों की सहायता लेनी चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

