मप्रः वन विकास निगम आज वन विहार के 6 भालुओं को एक वर्ष के लिए लेगा गोद

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः वन विकास निगम आज वन विहार के 6 भालुओं को एक वर्ष के लिए लेगा गोद


भोपाल, 19 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश राज्य वन विकास निगम द्वारा निगमित सामाजिक दायित्व के अंतर्गत वन्य-जीव संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इस पहल के अंतर्गत आज गुरुवार को सुबह 11 बजे वन विकास निगम के अध्यक्ष रामनिवास रावत की उपस्थिति में भोपाल के राष्ट्रीय उद्यान वन विहार के 6 भालुओं को एक वर्ष के लिये उन पर होने वाले व्यय की राशि 6 लाख रुपये से गोद लिया जाएगा।

निगम के अध्यक्ष रामनिवास रावत के अनुसार, वन विकास निगम द्वारा निगमित सामाजिक दायित्व निधि से की जा रही इस पहल का मुख्य उद्देश्य वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में वन्य-जीवों के संरक्षण, संवर्धन, बेहतर देखभाल, आहार और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं में सहयोग करना है। इससे वन्य-जीव संरक्षण को प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही समाज में वन्य-जीवों के प्रति संवेदनशीलता एवं संरक्षण की भावना भी विकसित होगी।

मध्य प्रदेश राज्य वन विकास निगम पर्यावरण संरक्षण, वन संवर्धन और जैव विविधता के संरक्षण के लिये निरंतर कार्य कर रहा है। वन विहार राष्ट्रीय उद्यान के 6 भालुओं को गोद लेने की यह पहल इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में वन विकास निगम के उपाध्यक्ष राम मोहन सिंह बघेल, प्रबंध संचालक मनोज कुमार, उप महाप्रबंधक संजय कुमार जैन और वन विकास निगम एवं वन विहार राष्ट्रीय उद्यान के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779501 Articles

Share this story