मप्रः नौतपा के पहले दिन ही छह डिग्री तक लुढ़का तापमान

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः नौतपा के पहले दिन ही छह डिग्री तक लुढ़का तापमान


भोपाल, 25 मई (हि.स.)। गुरुवार से नौतपा शुरू हुआ, लेकिन पहला दिन ही कमजोर रहा। इस दिन प्रदेशभर में अधिकतम तापमान में 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। नौतपा के एक दिन पहले प्रदेश में सबसे गर्म रहे खजुराहो में भी 6 डिग्री तापमान गिर गया। भोपाल में भी दिन में बादल छाए रहे। शाम को यहां बूंदाबांदी हुई। इससे तापमान करीब तीन डिग्री गिरा। मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से ऐसा हो रहा है।

भोपाल मौसम विज्ञान केन्द्र के मुताबिक, अलग-अलग स्थानों पर बनी मौसम प्रणालियों के असर से बादल छाने लगे हैं। इस वजह से नौतपा के पहले दिन गुरुवार को पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान में छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को टीमकगढ़ का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था, जो गुरुवार को छह डिग्री सेल्सियस लुढ़ककर 39 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। कई शहरों में बूंदाबांदी भी हुई।

नौतपा के पहले दिन भोपाल में दिनभर बादल छाने के बाद रात को तेज हवाएं चलने लगीं। वहीं, कोलार, शाहपुरा, दानिशकुंज समेत कई इलाकों में बूंदाबांदी होने लगी। इससे वातावरण में ठंडक घुल गई। उधर गुरुवार को प्रदेश में सबसे अधिक 43.8 डिग्री सेल्सियस तापमान नरसिंहपुर में दर्ज किया गया।

भोपाल में तापमान 2.9 डिग्री गिरकर 38.8 डिग्री पर पहुंच गया। ग्वालियर में पारा 2.5 डिग्री गिरकर 38 डिग्री रह गया। वहीं, इंदौर में पारा 37.4 डिग्री पर पहुंच गया, जबकि एक दिन पहले यहां तापमान 38.6 डिग्री था। जबलपुर में पारा 39.3 डिग्री रहा, जो एक दिन पहले 41.8 डिग्री था। गुरुवार को नरसिंहपुर में सबसे ज्यादा 43.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा, जबकि सबसे कम 32.2 डिग्री रहा।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक शुक्रवार को भोपाल, ग्वालियर, चंबल, नर्मदापुरम, रीवा, सागर, शहडोल, जबलपुर संभाग के जिलों में वर्षा होने की संभावना है। चंबल संभाग एवं शिवपुरी जिले में ओले गिरने की भी आशंका है। मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि अलग-अलग स्थानों पर बनी मौसम प्रणालियों के अलावा हवा का रुख भी पश्चिमी एवं दक्षिण-पश्चिमी बना हुआ है। इस वजह से अरब सागर से नमी भी आ रही है। इस वजह से प्रदेश के उत्तरी एवं पूर्वी क्षेत्र के जिलों में वर्षा हो रही है। शुक्ला के मुताबिक मौसम का इस तरह का मिजाज अभी दो-तीन दिन तक बना रह सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश/प्रभात

Share this story