इंदौरः गर्ल्स हॉस्टल की बिल्डिंग में लगी आग, 50 छात्राओं को निकाला सुरक्षित

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः गर्ल्स हॉस्टल की बिल्डिंग में लगी आग, 50 छात्राओं को निकाला सुरक्षित


इंदौर, 14 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में भंवरकुआं चौराहे पर शनिवार शाम एक गर्ल्स हॉस्टल की इमारत में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की लपटें चौथी मंजिल तक पहुंचने से हॉस्टल में मौजूद छात्राओं में अफरा-तफरी फैल गई। सूचना मिलते ही सभी 50 छात्राओं को पिछले रास्ते से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के मुताबिक, भंवरकुआं स्थित विशालाक्षी गर्ल्स हॉस्टल की चौथी मंजिल पर गैलरी में लगे विज्ञापन बोर्ड और वॉशिंग मशीन में आग लगी थी। आसपास रखे कपड़े और अन्य सामान भी इसकी चपेट में आ गए। बोर्ड के आसपास प्लास्टिक की सामग्री होने से आग तेजी से फैलने की आशंका थी। हालांकि, लपटें हॉस्टल के कमरों तक नहीं पहुंचीं।

पीछे के रास्ते से बाहर निकाली गईं छात्राएं

एसआई संतोष दुबे ने बताया कि हॉस्टल में करीब 96 छात्राएं रहती हैं। शनिवार शाम घटना के समय लगभग 50 छात्राएं इमारत में मौजूद थीं। आग की जानकारी मिलते ही उन्हें पिछले रास्ते से सुरक्षित नीचे उतारकर बाहर निकाला गया। इसके बाद दमकल विभाग की टीम ने मोर्चा संभाला। आग बुझाने के लिए दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। शुरुआती प्रयास में तेज दबाव से पानी डालकर लपटों को नियंत्रित किया गया। इसके बाद होज पाइप के जरिए ऊपरी हिस्से तक पहुंचकर आग बुझाई गई। पूरी कार्रवाई में करीब 4 से 5 हजार लीटर पानी खर्च हुआ। समय रहते आग पर नियंत्रण होने से लपटें कमरों तक नहीं पहुंच सकीं और बड़ा हादसा टल गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777274 Articles

Share this story