मप्रः महाविद्यालय आवंटित विद्यार्थियों के लिए प्रवेश सुनिश्चित करने का अंतिम अवसर
- 18 अगस्त को सायं 5 बजे तक शुल्क जमा कर प्रवेश सुनिश्चित कर सकेंगे विद्यार्थी
भोपाल, 17 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश में उच्च शिक्षा विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 में ई-प्रवेश प्रक्रिया अंतर्गत अतिरिक्त सीएलसी चरण में अंतिम तिथि 14 अगस्त तक महाविद्यालय आवंटित होने के उपरांत भी प्रवेश शुल्क जमा नहीं कर सके विद्यार्थियों को प्रवेश सुनिश्चित करने का अंतिम अवसर दिया गया है। ऐसे विद्यार्थी 18 अगस्त को सायं 5 बजे तक निर्धारित प्रवेश शुल्क जमा कर आवंटित महाविद्यालय में अपना प्रवेश सुनिश्चित कर सकेंगे।
उच्च शिक्षा मंत्री इन्दर सिंह परमार के निर्देश पर सोमवार को उच्च शिक्षा विभाग द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। आदेश में कहा गया है कि विद्यार्थियों के हित में यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है, ताकि महाविद्यालय आवंटित होने के बाद निर्धारित अवधि में शुल्क जमा नहीं कर पाने के कारण कोई पात्र विद्यार्थी उच्च शिक्षा में प्रवेश से वंचित न रहे। गत 14 अगस्त तक महाविद्यालय आवंटित हो चुके विद्यार्थियों को निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए प्रवेश शुल्क जमा करना होगा।
विभाग द्वारा विद्यार्थियों की सुविधा के लिए प्रवेश प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाया गया है। संबंधित विद्यार्थी अपने आवंटित महाविद्यालय में संपर्क कर निर्धारित प्रवेश शुल्क जमा करते हुए प्रवेश की प्रक्रिया पूर्ण कर सकते हैं।
18 अगस्त शाम 5 बजे के बाद अवसर नहीं
विभाग ने स्पष्ट किया है कि 18 अगस्त को सायं 5 बजे के बाद प्रवेश शुल्क जमा करने का अवसर उपलब्ध नहीं होगा, इसलिए महाविद्यालय आवंटित ऐसे सभी विद्यार्थी, जिन्होंने अभी तक प्रवेश शुल्क जमा नहीं किया है, निर्धारित अंतिम तिथि एवं समय का ध्यान रखते हुए समय से पूर्व शुल्क जमा कर अपना प्रवेश सुनिश्चित करें। विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए गए इस अवसर से महाविद्यालय आवंटित होने के उपरांत प्रवेश शुल्क जमा करने से रह गए विद्यार्थियों को अपनी प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने में सुविधा मिलेगी और वे शैक्षणिक सत्र 2026-27 में अपनी उच्च शिक्षा निर्बाध रूप से जारी रख सकेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

