मप्रः रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए अंतिम अतिरिक्त सीएलसी चरण 16 सितंबर तक

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए अंतिम अतिरिक्त सीएलसी चरण 16 सितंबर तक


भोपाल, 12 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में उच्च शिक्षा विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 में स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं में रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए विद्यार्थियों को एक और अवसर प्रदान किया गया है। इसके लिए अतिरिक्त कॉलेज लेवल काउंसलिंग चरण 12 से 16 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा।

जनसम्पर्क अधिकारी राजेश दाहिमा ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि उच्च शिक्षा संचालनालय द्वारा पूर्व में जारी आदेश के अनुसार रिक्त सीटों पर “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर प्रवेश की प्रक्रिया 21 से 31 अगस्त तक निर्धारित की गई थी। छात्र हित में विद्यार्थियों को रिक्त सीटों पर प्रवेश का अतिरिक्त अवसर प्रदान करने के लिए कॉलेज लेवल काउंसलिंग चरण की अवधि में वृद्धि की गई है।

उन्होंने बताया कि अतिरिक्त कॉलेज लेवल काउंसलिंग चरण के अंतर्गत 12 से 16 सितंबर तक शासकीय, अनुदान प्राप्त अशासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में उपलब्ध रिक्त सीटों पर “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर प्रवेश की कार्यवाही की जाएगी। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा महाविद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित अवधि में प्रवेश की कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए विद्यार्थियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें।

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, विद्यार्थी उपलब्ध रिक्त सीटों का लाभ उठाते हुए निर्धारित अवधि में संबंधित महाविद्यालय में प्रवेश की कार्यवाही पूर्ण कर सकते हैं। 16 सितंबर को निर्धारित समय के पश्चात प्रवेश मान्य नहीं होगा। उच्च शिक्षा संचालनालय ने सभी संबंधित महाविद्यालयों एवं विद्यार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए प्रवेश प्रक्रिया समय पर पूर्ण करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story