इंदौर के चिड़ियाघर में मादा तेंदुए ने पहली बार दिया दो बच्चों को जन्म

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर के चिड़ियाघर में मादा तेंदुए ने पहली बार दिया दो बच्चों को जन्म


इंदौर, 07 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित चिड़ियाघर में मादा तेंदुए ने शनिवार को दो शावकों को जन्म दिया है। दोनों शावक स्वस्थ हैं। फिलहाल दोनों अपनी मां के साथ हैं और उनकी विशेष निगरानी की जा रही है।

चिड़ियाघर प्रभारी डॉ. उत्तम यादव ने बताया कि नर और मादा तेंदुए लंबे समय से साथ रह रहे थे, लेकिन अब तक उनका परिवार आगे नहीं बढ़ पा रहा था। दोनों खुले पिंजरे में रहते थे। कुछ दिन पहले चिकित्सकों को मादा तेंदुए के गर्भवती होने की जानकारी मिली थी। आज मादा तेंदुए ने पहली बार दो शावकों को जन्म दिया है।

उन्होंने बताया कि इंदौर के चिड़ियाघर में ज्यादातर वन्यजीवों को खुले बाड़ों में रखा जाता है, ताकि उन्हें जंगल जैसा प्राकृतिक वातावरण मिल सके। पिछले दो वर्षों में चिड़ियाघर में 15 से ज्यादा नए वन्यजीवों का जन्म हुआ है। इनमें बाघ, शेर, भालू, हिप्पोपोटेमस और तेंदुए शामिल हैं।

गौरतलब है कि पिछले दस वर्षों में चिड़ियाघर में 26 बाघ शावकों का जन्म हुआ है, जिनमें से 22 स्वस्थ होकर बड़े हुए। इसके अलावा कई वन्यजीवों को एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत दूसरे चिड़ियाघरों में भी भेजा गया है। दस वर्षों में इंदौर में 30 से अधिक शेर शावकों का जन्म हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774104 Articles

Share this story