सांवेर के किसानों को पर्याप्त पानी मिलेगाः मंत्री सिलावट

WhatsApp Channel Join Now
सांवेर के किसानों को पर्याप्त पानी मिलेगाः मंत्री सिलावट


- किसानों, मवेशियों एवं पशु-पक्षियों के लिए की जाएंगी आवश्यक व्यवस्थाएं

इंदौर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि इस वर्ष इंदौर सहित मालवा-निमाड़ क्षेत्र में अल्पवर्षा की स्थिति को देखते हुए सांवेर क्षेत्र के किसानों के साथ-साथ मवेशियों एवं पशु-पक्षियों के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि पानी की उपलब्धता को लेकर शासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

मंत्री सिलावट मंगलवार को इंदौर में रेसीडेंसी कोठी परिसर में सांवेर क्षेत्र से आए सैकड़ों किसानों से चर्चा कर रहे थे। मंत्री सिलावट ने बताया कि सांवेर विधानसभा क्षेत्र के पालिया सहित सांवेर मंडल के 53 से अधिक गांवों में नर्मदा-गंभीर-शिप्रा लिंक योजना के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे क्षेत्र के हजारों किसान लाभान्वित हो रहे हैं और उन्हें वर्ष में तीन फसलों तक की सुविधा मिल रही है। वर्तमान में यदि कहीं पानी की समस्या उत्पन्न होती है तो नर्मदा घाटी विकास योजना के माध्यम से पानी की पूर्ति के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।

सिलावट ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा अल्पवर्षा वाले क्षेत्रों का सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे के आधार पर इंदौर जिले में आवश्यकतानुसार जलापूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कार्य किया जा रहा है।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत कांकरिया बोर्डिया, माताबरोडी, बसान्दा, बालोदा टाकुन, पाल कांकरिया, कछालिया, हरियाखेडी, बीबीखेडी, रतनखेडी, पिपलिया कायस्थ, बलधारा, पोटलोद, चन्द्रावतीगंज के सैकडों किसानों द्वारा इन्दौर उज्जैन ग्रीन फील्ड योजना का कार्य प्रारंभ करने पर हर्ष व्यक्त कर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया गया। किसानों ने कहा कि यह ग्रीन फील्ड आने वाले वर्षों में आर्थिक उन्नति और विकास के द्वार खोलेगी और किसान खेतों में फसलों का उत्पादन कर खुशहाल जीवन व्यतीत करेंगे।

इस दाैरान जनपद पंचायत इन्दौर के अध्यक्ष विश्वजीतसिंह सिसौदिया, अंतरसिंह दयाल, शिवपालसिंह चावडा, संतोष सिसौदिया, जीवन सिंह, राजेश पटेल, ओम सेठ, विनोद दयाल, जय बना सरपंचद्वय सहित सैकडों किसान मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story