किसान कल्याण वर्ष में आयोजित होगा किसान मेला, देश-प्रदेश के वैज्ञानिक देंगे उन्नत खेती का प्रशिक्षणः कंषाना
इंदौर, 27 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री एंदल सिंह कंषाना ने कहा कि वर्ष 2026 किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। किसान कल्याण वर्ष में किसानों के लिए किसान मेला आयोजित होगा, जिसमें देश-प्रदेश के वैज्ञानिक आकर उन्नत खेती के लिए किसानों को प्रशिक्षण देंगे।
कृषि मंत्री कंषाना ने यह बात शुक्रवार को इंदौर जिले के सांवेर विधानसभा के ग्राम अरन्या में निजी कोल्ड स्टोरेज के शुभारंभ अवसर पर कही। उन्होंने कहा कि उन्नत खेती से किसान समृद्धशाली और आर्थिक रूप से सक्षम होगा और अपनी फसल को उचित मूल्य पर बेच पाएगा। किसानों को उसकी फसल का उचित दाम मिले, इसके लिए सरकार हर जिले में किसान मेला लगायेगी और छोटे-बडे़ सभी किसानों को अच्छी फसल के लिए प्रशिक्षण देगी। किसानों को बिजली, पानी, सड़क सुविधा भी दी जाएगी। सांवेर-गवला मार्ग पर 5 करोड़ की लागत से पुल भी बनाया जाएगा।
कृषि उत्पादन तथा किसान कल्याण में स्वर्णिम युग की शुरुआत, किसानों का होगा समग्र विकासः सिलावट
इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि हमारा प्रदेश कृषि उत्पादन तथा किसान कल्याण के स्वर्णिम युग की ओर अग्रसर है, हमारी सरकार ने किसानों की समृद्धि और उनके विकास के लिए वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष घोषित किया है, जिसमें कृषि और किसानों के समग्र विकास और उनके कल्याण के लिए कार्य होगे। प्रदेश सरकार गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी के विकास को लेकर कार्य कर रही है, जिसमें किसानों को लाभ होगा।
उन्होंने कहा कि हमारा प्रदेश दाल उत्पादन में प्रथम, गेहूं और तिलहन उत्पादन में द्वितीय स्थान और सोयाबीन में 35 प्रतिशत उत्पादन होता है। प्रदेश में 213 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में 670 लाख मैट्रिक टन खाद्यान्न का उत्पादन हो रहा है। कृषि उत्पादन के लिए पानी की आवश्यकता होती है, 3 हजार करोड़ रुपये की लागत से नर्मदा शिप्रा लिंक योजना से लगभग 200 से अधिक गांवों में 64 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई के लिए जल मिलेगा। नर्मदा मालवा गंभीर लिंक योजना से अभी 70 से अधिक गांवों में पानी मिल रहा है। सभी किसान अब 3-3 फसले लेकर आत्मनिर्भर हो रहे है। प्रदेश सरकार किसानों के लिए कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्य पालन आदि को मूल्य संवर्धन के रूप में जोड़कर रोजगार के अवसर प्रदान कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

