सामुदायिक सुविधाओं का विस्तार और गुणवत्तापूर्ण विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: मंत्री कृष्णा गौर
- भोपाल के वार्ड 72 में 41 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों का हुआ भूमि-पूजन
भोपाल, 28 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने कहा कि गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में नागरिकों की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति, आवागमन को सुगम बनाने तथा सामुदायिक सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी स्वीकृत विकास कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं, जिससे स्थानीय नागरिकों को इन सुविधाओं का शीघ्र अति शीघ्र लाभ प्राप्त हो सके।
राज्य मंत्री कृष्णा गौर ने बुधवार को भोपाल के गोविंदपुरा क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 72 में 41 लाख रुपये से अधिक की लागत के विभिन्न नवस्वीकृत विकास कार्यों का वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजन-अर्चन कर भूमिपूजन किया। इन कार्यों में भानपुर स्थित प्रसिद्ध राम मंदिर के समीप 21 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले भव्य कम्युनिटी हॉल का भूमिपूजन शामिल है, जिससे क्षेत्र में सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों हेतु सर्वसुविधायुक्त स्थल उपलब्ध हो सकेगा।
इसके अतिरिक्त, कृष्णा गौर ने क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा आवागमन को सुचारू बनाने हेतु गीता नगर में 8 लाख 73 हजार रुपये की लागत से आरसीसी नाली निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। साथ ही, अटल नेहरू नगर स्थित ग्वाल बाबा चौराहे के समीप 7 लाख रुपये की अनुमानित लागत से सीसी रोड एवं आरसीसी नाली निर्माण तथा अटल नेहरू नगर आंगनवाड़ी के पास 5 लाख रुपये की लागत से आरसीसी नाली निर्माण एवं पेवर ब्लॉक बिछाने के कार्यों का भूमिपूजन संपन्न किया।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

