हर जरुरतमंद को मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ: ऊर्जा मंत्री तोमर

WhatsApp Channel Join Now
हर जरुरतमंद को मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ: ऊर्जा मंत्री तोमर


- मंत्री तोमर ने जनसुनवाई में किया समस्याओं का निराकरण

ग्वालियर, 25 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शनिवार को ग्वालियर में अपने रेसकोर्स रोड स्थित 38 नम्बर सरकारी कार्यालय पर आमजन की समस्याएं सुनी और उनका त्वरित निदान किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा आम जनों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है। हर जरुरतमंद के चेहरे पर खुशहाली लाना प्रदेश सरकार का संकल्प है।

ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अंतिम छोर के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचे, इसके लिए हर जिला, तहसील स्तर पर आम जनों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास का यह सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है। शहर के प्रत्येक नागरिक को अच्छी शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराना ही शासन की प्राथमिकता है।

ऊर्जा मंत्री तोमर ने आह्वान किया कि हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि अपने जीवन में स्वच्छता को अपनाएंगे और एक नया स्वस्थ, हरा-भरा, नशा मुक्त समाज बनाएंगे। उन्होंने कहा कि हमें अपने शहर को साफ और सुंदर बनाने के लिए साथ मिलकर अपना सहयोग देना होगा। इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन, नगर निगम, विद्युत विभाग से सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर आवेदक की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story