आईएसबीटी सहित प्रमुख स्थानों पर स्थापित करें ईवी चार्जिंग स्टेशन : संभागायुक्त शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
आईएसबीटी सहित प्रमुख स्थानों पर स्थापित करें ईवी चार्जिंग स्टेशन : संभागायुक्त शर्मा


- संभागायुक्त ने भोपाल स्मार्ट सिटी के कार्यो की समीक्षा बैठक ली

भोपाल, 20 अगस्त (हि.स.)। संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने गुरुवार को भोपाल स्मार्ट सिटी डेपलपमेंट कार्पोरेशन लिमिटेड की परियोजनाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि नागरिकों की सुविधा के लिए आईएसबीटी सहित प्रमुख स्थानों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करें।

बैठक गोविंदपुरा स्थित भोपाल स्मार्ट सिटी के कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में भोपाल स्मार्ट सिटी डेपलपमेंट कार्पोरेशन लिमिटेड की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजू अरूण कुमार एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में सम्भागयुक्त शर्मा ने स्मार्ट सिटी की पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं और भविष्य में प्रारंभ होने वाली परियोजनाओं का प्रजेंटेशन देखा। इनमें एबीडी एरिया में किए जा रहे विकास कार्य और ईवी चार्जिंग परियोजनाएं प्रमुख हैँ। उन्होंने नागरिकों की सुविधा हेतु ईवी चार्जिंग स्टेशन आईएसबीटी, मेट्रो स्टेशन, शहर के बस डिपो और अन्य प्रमुख स्थानों पर स्थापित करने के निर्देश दिए। संभागायुक्त शर्मा ने टीटी नगर स्थित भोपाल स्मार्ट सिटी के एबीडी एरिया में लैंड मोनेटाइजेशन के संबंध में भोपाल स्मार्ट सिटी मुख्य कार्यपालन अधिकारी से चर्चा की। विकास कार्य में आ रही बाधाओं को दूर कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

संभागायुक्त शर्मा ने भोपाल स्मार्ट सिटी इंक्यूबेशन सेंटर बी-नेस्ट और इंटीग्रेटेड टैफिक मैनेजमेंट सिस्टम आईटीएमएस का भी निरीक्षण किया और ई-चालान संबंधी जानकारी प्राप्त की। स्टार्टअप्स के लिए भोपाल स्मार्ट सिटी द्वारा इंक्यूबेशन सेंटर बी-नेस्ट संचालित किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story