मप्र हिन्दी ग्रंथ अकादमी की गुणवत्तापूर्ण एवं मितव्ययी पुस्तकें प्रत्येक वर्ग के विद्यार्थी तक पहुंचाएं : मंत्री परमार

WhatsApp Channel Join Now
मप्र हिन्दी ग्रंथ अकादमी की गुणवत्तापूर्ण एवं मितव्ययी पुस्तकें प्रत्येक वर्ग के विद्यार्थी तक पहुंचाएं : मंत्री परमार


- मंत्री परमार की अध्यक्षता में मंत्रालय में मप्र हिंदी ग्रंथ अकादमी के कार्यसमिति एवं प्रबंधक मंडल की बैठक हुई

भोपाल, 16 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री इन्दर सिंह परमार की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रालय में मध्य प्रदेश हिन्दी ग्रंथ अकादमी की कार्यसमिति एवं प्रबंधक मंडल की बैठक हुई। बैठक में मंत्री परमार ने कहा कि मध्य प्रदेश हिन्दी ग्रंथ अकादमी की गुणवत्तापूर्ण एवं मितव्ययी पुस्तकें प्रत्येक वर्ग के विद्यार्थी तक पहुँचाने के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित की जाए।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। नीट एवं जेईई की तैयारी के लिए उच्च शिक्षा विभाग द्वारा पायलट प्रोजेक्ट के रूप में एक जिले में निःशुल्क कोचिंग प्रारंभ की गई है। इसी तर्ज पर यूपीएससी एवं एमपीपीएससी की तैयारी के लिए भी निःशुल्क कोचिंग सेंटर स्थापित करने की कार्ययोजना बनाई जा रही है।

मंत्री परमार ने निर्देश दिए कि शासकीय महाविद्यालयों की तर्ज पर शासकीय विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत अनुसूचित जाति एवं जनजाति के विद्यार्थियों को भी अकादमी की पुस्तकें निःशुल्क उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएं। मध्य प्रदेश हिंदी ग्रंथ अकादमी की पुस्तकों की बाजार में उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के पुस्तकालयों को सुव्यवस्थित करने पर भी जोर दिया।

मंत्री परमार ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप उच्च शिक्षा की पाठ्य सामग्री में भारतीय ज्ञान परंपरा का समृद्ध समावेश किया जा रहा है। मोबाइल एवं डिजिटल माध्यमों के बढ़ते प्रभाव के बीच विद्यार्थियों में पुस्तक आधारित अध्ययन, गहन चिंतन एवं ज्ञानार्जन की रुचि विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने प्राध्यापकों से शिक्षण पद्धति में आवश्यक परिवर्तन कर विद्यार्थियों को गहन अध्ययन के लिए प्रेरित करने तथा विद्यार्थियों से उपयोग के बाद पुस्तकें पुस्तकालयों एवं अन्य विद्यार्थियों को उपलब्ध कराने का आह्वान किया।

बैठक में अकादमी कर्मचारियों के हितों के संरक्षण के लिए कर्मचारी कल्याण कोष की स्थापना का निर्णय लिया गया। मध्यप्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, जबलपुर को अकादमी के प्रबंधक मंडल का पदेन सदस्य मनोनीत किया गया।

अकादमी के संचालक अशोक कड़ेल ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप भारतीय ज्ञान परंपरा के समावेश के साथ स्नातक प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के लिए 375 शीर्षकों की 25 लाख 12 हजार 575 प्रतियां प्रकाशित की जा चुकी हैं। स्नातक तृतीय वर्ष के लिए 250 शीर्षकों की पुस्तकें तैयार की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त 26 विषयों पर भारतीय ज्ञान परंपरा संदर्भ पुस्तकें भी तैयार की जा रही हैं।

इस अवसर पर मंत्री परमार ने अकादमी की द्विमासिक पत्रिका 'रचना' के हिन्दी भाषा विशेषांक का विमोचन किया। बैठक में आयुक्त उच्च शिक्षा प्रबल सिपाहा, वित्त विभाग के प्रतिनिधि, प्रदेश के शासकीय विश्वविद्यालयों के कुलगुरु, प्रबंधक मंडल के सदस्यगण तथा विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778315 Articles

Share this story