ग्रीष्मकाल से पहले ही सुनिश्चित करें पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था : आयुक्त भोंडवे

WhatsApp Channel Join Now
ग्रीष्मकाल से पहले ही सुनिश्चित करें पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था : आयुक्त भोंडवे


- जुलाई 2027 तक नागरिकों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने नगरीय निकायों को दिए निर्देश

भोपाल, 16 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नगरीय विकास आयुक्त संकेत भोंडवे ने कहा कि नागरिकों को जुलाई 2027 तक पर्याप्त एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराना नगरीय निकायों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए उपलब्ध जल स्रोतों की स्थिति, जल की मात्रा और आपूर्ति की अवधि का आकलन कर व्यवस्थित कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि किसी भी शहर में पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो।

आगामी ग्रीष्मकाल में पेयजल की संभावित समस्या को देखते हुए आयुक्त भोंडवे ने सोमवार को वीसी के माध्यम से प्रदेश के समस्त नगरीय निकायों को पेयजल व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए।

लीकेज रोकने और जल स्रोतों के बेहतर उपयोग पर जोर

उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त पेयजल पाइपलाइनों की तत्काल मरम्मत कराई जाने तथा सार्वजनिक नलों में टोंटी एवं हैंडपंपों की मरम्म्त करने के निर्देश दिए। इससे पानी का अनावश्यक अपव्यय रोका जा सकेगा। साथ ही बांध, जलाशय एवं नदियों जैसे उपलब्ध सतही जल स्रोतों का प्राथमिकता से उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

जल वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी

आयुक्त भोंडवे ने कहा कि जिन क्षेत्रों में वर्तमान जल स्रोतों में पानी कम होने की संभावना है, वहां ग्रीष्मकाल में पेयजल उपलब्ध कराने के लिए वैकल्पिक जल स्रोतों की अभी से पहचान की जाए। आवश्यकता होने पर निजी जलस्रोतों के अधिग्रहण की कार्रवाई जिला कलेक्टर के माध्यम से समय रहते सुनिश्चित की जाए। जल संकट की स्थिति उत्पन्न होने पर निकाय के स्वयं के अथवा अधिग्रहित जल स्रोतों से पानी के परिवहन के लिए निकाय के टैंकरों का ही उपयोग किया जाए।

उन्होंने जिन नगरीय निकायों में जलप्रदाय योजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है, वहां जल वितरण की प्रभावी निगरानी के लिए स्काडा प्रणाली लागू करने के निर्देश दिए। उपलब्ध जल के सुव्यवस्थित वितरण के लिए मानक संचालन प्रक्रिया तैयार करने, जलप्रदाय व्यवस्था से संबंधित मशीनरी को कार्यशील रखने तथा आवश्यक सामग्री का पर्याप्त भंडारण भी सुनिश्चित किया जाए। जलप्रदाय व्यवस्था में सुधार के लिए छोटे-छोटे लंबित कार्यों को भी तत्काल पूर्ण कराया जाए।

10 दिवस में कार्ययोजना की जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश

आयुक्त भोंडवे ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी नगरीय निकाय अपनी जलप्रदाय व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए तैयार की गई कार्ययोजना एवं आवश्यक जानकारी को संभागीय स्तर पर संबंधित अधिकारी को उपलब्ध कराए।

जल संरक्षण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी

आयुक्त ने कहा कि जल संरक्षण नगरीय निकायों की जिम्मेदारी के साथ प्रत्येक नागरिक का भी दायित्व है। पानी की हर बूंद को बचाने की शुरुआत प्रत्येक घर से होनी चाहिए। नागरिक दैनिक जीवन में पानी का उपयोग आवश्यकता के अनुसार करें, अनावश्यक रूप से नल खुला ना छोड़ें, पानी की लीकेज को तत्काल ठीक कराएं तथा वर्षा जल संचयन को अपनाएं। उन्होंने नगरीय निकायों को निर्देश दिए कि वार्ड स्तर पर नागरिकों, सामाजिक संगठनों, स्कूलों और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करें, ताकि जल संरक्षण केवल एकअभियान न रहकर प्रत्येक नागरिक की जीवनशैली और सामूहिक संकल्पबने।

भोंडवे ने कहा कि पेयजल जैसी बुनियादी नागरिक सुविधा के संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। सभी नगरीय निकाय समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, ताकि आगामी ग्रीष्मकाल में नागरिकों को पर्याप्त एवं सुचारू पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778302 Articles

Share this story