मप्रः भोपाल विमानतल पर जांच के दौरान विदेशी यात्री के बैग में मिला खाली कारतूस

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः भोपाल विमानतल पर जांच के दौरान विदेशी यात्री के बैग में मिला खाली कारतूस


भोपाल, 14 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के राजा भोज विमानतल पर मंगलवार को दोपहर एक विदेशी यात्री के बैग की जांच के दौरान खाली कारतूस बरामद किया गया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत सतर्कता बरतते हुए पूरे मामले की जांच की।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को दोपहर करीब 12 बजे मुंबई जाने वाले एयर इंडिया के विमान के लिए चेक-इन किए गए एक ट्रॉली बैग की नियमित स्क्रीनिंग के दौरान 7.62×39 मिमी का इस्तेमाल किया हुआ खाली कारतूस बरामद हुआ। यह बैग एक विदेशी नागरिक का बताया जा रहा है, जो सतपुड़ा क्षेत्र की यात्रा कर भोपाल से मुंबई लौट रहा था।

प्रारंभिक पूछताछ में यात्री ने खुद को वन्यजीव फोटोग्राफर बताया और कारतूस के बारे में अनभिज्ञता जताई। वह इस संबंध में कोई वैध अनुमति या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। सुरक्षा नियमों के तहत तत्काल कार्रवाई करते हुए यात्री और बरामद कारतूस को आगे की जांच के लिए गांधीनगर थाना पुलिस को सौंप दिया गया।

पुलिस ने आवश्यक पूछताछ और जांच प्रक्रिया पूरी करने के बाद यात्री को फिलहाल छोड़ दिया है। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां मामले को लेकर सतर्क हैं और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच जारी है, ताकि किसी भी संभावित सुरक्षा चूक से बचा जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story