मप्रः पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने 13 हजार 376 करोड़ का राजस्व संग्रहण किया

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने 13 हजार 376 करोड़ का राजस्व संग्रहण किया


भोपाल, 01 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 13 हजार 376 करोड़ रुपये का नगद राजस्व संग्रहण किया। यह पिछले वित्तीय वर्ष से चार सौ करोड़ रुपये ज्यादा है।

कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने बुधवार को बताया कि ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के निर्देश पर मार्च 2026 में राजस्व संग्रहण के लिए मालवा निमाड़ के इंदौर सहित 15 जिलों में बिजली देयकों की वसूली के लिए महा-अभियान संचालित किया। मार्च के पहले दो सप्ताह में पांच से छः हजार एवं अंतिम सप्ताह में करीब 10 हजार कार्मिकों ने राजस्व जुटाने के लिए हर संभव कोशिश की।

उन्होंने बताया कि कार्मिकों ने उपभोक्ताओं के घर, दुकान, खेत, खलिहान, बाजार, हाट बाजार, पंचायत भवन इत्यादि तक पहुंचकर बिल राशि राजस्व रूप में जमा कराने के लिए विशेष प्रयास किए। इसी कारण मार्च में करीब तीस लाख उपभोक्ताओं से बिजली बिलों की वसूली की गई। यह करीब 1410 करोड़ रुपये रही। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान बारह माह का नकद राजस्व संग्रहण 13 हजार 376 करोड़ रुपये रहा।

प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने बिजली देयकों को जमा करने पर घरेलू उपभोक्ताओं, कृषि उपभोक्ताओं, व्य़ापारिक एवं औद्योगिक श्रेणी के उपभोक्ताओं का आभार माना है। उन्होंने कहा कि कंपनी गुणवत्तापूर्ण बिजली प्रदाय के लिए प्रतिबद्ध हैं एवं हजारों कार्मिक पंद्रह जिलों के उपभोक्ताओं की सेवा में समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story