इंदौर में नगर निगम टैंकर की टक्कर से बुजुर्ग गंभीर घायल, दोनों पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त, टैंकर चालक फरार

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर में नगर निगम टैंकर की टक्कर से बुजुर्ग गंभीर घायल, दोनों पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त, टैंकर चालक फरार


इंदौर, 04 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के आजाद नगर इलाके में बुधवार दोपहर नगर निगम के टैंकर की टक्कर सेएक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हाे गए। हादसे में टैंकर का पहिया उनके पैरों से गुजर गया, जिससे दोनों पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया है, हालांकि पुलिस ने टैंकर को जब्त कर लिया है। चालक की तलाश की जा रही है।

जानकारी के अनुसार हादसा बुधवार दाेपहर करीब 12 बजे हुआ। आजाद नगर थाना पुलिस के अनुसार 85 वर्षीय सुंदरलाल पुत्र गंगादीन, निवासी इदरीस नगर रोज की तरह पैदल वॉक पर निकले थे। वे घर से कुछ ही दूरी पर थे, जब नगर निगम के टैंकर ने तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में टैंकर का पहिया उनके पैरों से गुजर गया, जिससे दोनों पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने बुजुर्ग को तुरंत एमवाय अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

परिजनाें ने बताया कि सुंदरलाल सड़क के किनारे चल रहे थे और टैंकर चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए हादसा कर दिया। सुंदरलाल पहले पुलिसकर्मियों की दाढ़ी कटाई का काम करते थे और उनके परिवार में तीन बेटे हैं। पुलिस ने टैंकर जब्त कर लिया है और चालक की तलाश कर रही है। मामले की जांच जारी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story