इंदौर के तीन प्रमुख मार्गों पर ई-रिक्शा का आवागमन प्रतिबंधित

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर के तीन प्रमुख मार्गों पर ई-रिक्शा का आवागमन प्रतिबंधित


- पुराना एबी रोड, एमजी रोड और सुपर कॉरिडोर पर लागू होगा प्रतिबंध, कलेक्टर ने जारी किए आदेश

इंदौर, 25 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से शहर के तीन प्रमुख मार्गों पर ई-रिक्शा के आवागमन को पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी शिवम वर्मा द्वारा बुधवार को जारी आदेश के अनुसार पुराना एबी रोड, एमजी रोड तथा सुपर कॉरिडोर क्षेत्र में अब ई-रिक्शा का संचालन नहीं किया जा सकेगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।

पुलिस उपायुक्त यातायात प्रबंधन महानगर इंदौर से प्राप्त प्रतिवेदन के अनुसार शहर के प्रमुख एवं व्यस्ततम मार्गों पर यातायात का दबाव अत्यधिक बढ़ रहा है। इसके कारण कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों तथा आम नागरिकों को आवागमन में काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यातायात पुलिस अधिकारियों, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारियों एवं ई-रिक्शा पदाधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई थी। बैठक में शहर के तीन प्रमुख मार्गों पर ई-रिक्शा प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया गया।

जारी आदेश के तहत पुराना एबी रोड पर निरंजनपुर चौराहे से राजीव गांधी चौराहे तक, एमजी रोड पर पलासिया चौराहे से मृगनयनी चौराहे तक तथा सुपर कॉरिडोर क्षेत्र में ई-रिक्शा का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

कलेक्टर शिवम वर्मा ने पुलिस उपायुक्त यातायात प्रबंधन से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर केंद्रीय मोटरयान अधिनियम, 1988 की धारा 115 में निहित प्रावधानों तथा मध्यप्रदेश मोटरयान नियम, 1994 के नियम 215 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह आदेश जारी किया है।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यातायात व्यवस्था एवं आम नागरिकों की सुविधा तथा सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए यह प्रतिबंध लागू किया गया है। विभिन्न विभागों तथा आमजन से प्राप्त सूचनाओं और अन्य निष्कर्षों के आधार पर आवश्यकता अनुसार इस आदेश में पूर्णतः अथवा आंशिक संशोधन भी किया जा सकेगा। उक्त आदेश तत्काल प्रभावशील होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783279 Articles

Share this story