नशा मुक्त युवा शक्ति ही विकसित भारत का आधार : उप मुख्यमंत्री शुक्ल

WhatsApp Channel Join Now
नशा मुक्त युवा शक्ति ही विकसित भारत का आधार : उप मुख्यमंत्री शुक्ल


- विकसित भारत की पहली शर्त ‘नशा मुक्त युवा’- रीवा से बुलंद हुआ संकल्प

भोपाल, 02 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को दीमक की तरह खोखला करता है। भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा शक्ति है। यदि युवाओं की ऊर्जा सही दिशा में लगे तो भारत को दुनिया की अग्रणी शक्ति बनने से कोई नहीं रोक सकता। नशामुक्त युवा शक्ति ही विकसित भारत का अधार है।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल रविवार को रीवा में ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत संकल्प अभियान’के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय तथा अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ‘माय भारत’ और एनएसएस स्वयंसेवकों ने नशा मुक्त समाज का संकल्प लिया।

उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ यह 100 सप्ताह का अभियान रीवा और पूरे विंध्य के गांव-गांव और गली-गली तक पहुंचाया जाएगा। रीवा इस अभियान में उदाहरण प्रस्तुत करे, इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को सक्रिय भागीदारी निभानी होगी। उन्होंने युवाओं से ‘नशा मुक्त रीवा-विकसित रीवा’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा कि नशे जैसी सामाजिक बुराई को केवल कानून और पुलिस के भरोसे समाप्त नहीं किया जा सकता। इसके लिए परिवार और समाज में जागरूकता जरूरी है। उन्होंने युवाओं से अभियान का ‘ब्रांड एंबेसडर’ बनने का आह्वान करते हुए कहा कि माता-पिता और बच्चों के बीच संवाद बढ़े तथा परिवार में आपसी दूरी कम हो तो युवाओं को नशे की ओर जाने से काफी हद तक रोका जा सकता है।

स्वागत उद्बोधन में अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजेंद्र कुड़रिया ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा प्रदान करने के केंद्र नहीं, यह चरित्र निर्माण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने वाला संस्थान भी हैं। प्रधानमंत्री का आह्वान तथा एनएसएस और ‘माय भारत’ की संयुक्त पहल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत प्रत्येक रविवार शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक स्तर पर नशा मुक्ति से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें वाकाथॉन, ध्यान सत्र, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, नुक्कड़ नाटक, कला प्रतियोगिताएं और संवाद कार्यक्रम प्रमुख रूप से शामिल रहेंगे। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त संचालक डॉ. महेंद्रमणि द्विवेदी, कुलसचिव नीरजा नामदेव, अभिमन्यु प्रसाद, डॉ. सत्येंद्र डेहरिया, एडजंक्ट प्रोफेसर जयराम शुक्ला, सहित विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य, प्राध्यापक, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में एनएसएस एवं माय भारत स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन एनएसएस स्वयंसेवक रचित मिश्रा ने किया। कार्यक्रम में अतिथियों, विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों ने स्वयं नशे से दूर रहने के साथ समाज को नशा मुक्त बनाने तथा दूसरों को इसके लिए जागरूक करने की शपथ ली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story