मप्रः इंदौर के डीपीएस स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी, खाली कराया परिसर, जांच में जुटी पुलिस
इंदौर, 08 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में राऊ स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) को बुधवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सुबह करीब साढ़े आठ बजे स्कूल प्रबंधन को ई-मेल के जरिए यह धमकी दी गई। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) मौके पर पहुंचा और सर्चिंग शुरू कर दी है। एहतियात के तौर पर पूरे स्कूल परिसर को खाली कराकर छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। टीम ने स्कूल के हर हिस्से की बारीकी से जांच की, ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक का पता लगाया जा सके। फिलहाल परिसर में सघन तलाशी जारी है और पुलिस ई-मेल भेजने वाले का पता लगा रही है।
बताया जा रहा है कि ईमेल में ड्रोन के जरिए स्कूल को उड़ाने की धमकी दी गई थी, जिससे प्रबंधन और अभिभावकों में दहशत फैल गई। पुलिस के अनुसार, यह धमकी भरा मेल “सीमा” नाम से भेजा गया है। साइबर टीम ईमेल आईडी के आधार पर जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मेल कहां से भेजा गया। स्कूल प्रशासन की ओर से आशा नायर ने इस संबंध में पुलिस को जानकारी दी थी।
एडीशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि जांच के दौरान अब तक कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला है। शुरुआती जांच में यह मेल अफवाह प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

