मप्र के सभी जिलों में आज विश्व कैंसर दिवस पर जांच शिविर का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के सभी जिलों में आज विश्व कैंसर दिवस पर जांच शिविर का आयोजन


मप्र के सभी जिलों में आज विश्व कैंसर दिवस पर जांच शिविर का आयोजन


भोपाल, 04 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश में आज बुधवार को विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी जिले में कैंसर जांच शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर विभिन्न जन जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

देवास के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सरोजिनी जेम्स बेक ने बताया कि विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय में कॉमन कैंसर स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में ओरल (दंत), ब्रेस्ट (स्तन) एवं सवाईकल कैंसर की जांच की जा रही है। यह शिविर शाम 5 बजे तक स्त्री रोग, एनसीडी एवं डेंटल ओपीडी कक्ष में चलेगा, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा कैंसर की जांच एवं परामर्श प्रदान किया जा रहा है।

इसी तरह अन्य जिलों में भी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, सिविल अस्पतालों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में कॉमन कैंसर जांच शिविरों का आयोजन हो रहा है, जिनमें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा 30 से 65 वर्ष आयु वर्ग के व्यक्तियों की मुख (ओरल), स्तन, सर्वाइकल कैंसर सहित अन्य कैंसरों की जांच की जा रही है। इसके अलावा बैनर एवं पोस्टर के माध्यम से कैंसर से बचाव संबंधी जनजागरूकता गतिविधियाँ भी संचालित की जा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आमजन से अपील की गई है कि कैंसर से संबंधित किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर नजदीकी स्वास्थ्य संस्था में आयोजित शिविर में पहुँचकर समय रहते जांच कराएँ।

नोडल अधिकारी डॉ गोपाल कटारे ने बताया कि शिविर का उद्देश्य जनमानस में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं प्रारंभिक अवस्था में रोग की पहचान कर उपचार की दिशा में कदम बढ़ाना है। सभी हितग्राहियों की जांच के उपरांत उनकी जानकारी एनसीडी पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज की जाएगी। उन्होंने बताया कि जटिल रोगियों को आवश्यक उपचार, सर्जरी एवं रेडियोथैरेपी हेतु उचित टरश्यरी कैंसर चिकित्सालय या मेडिकल कॉलेज में रेफर किया जाएगा। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस शिविर का लाभ उठाएं, समय पर जांच कराएं और कैंसर के प्रति सजग रहें।

कैंसर रोग के प्रति सावधानी और जागरुकता ही बचाव

गौरतलब है कि प्रतिवर्ष 04 फरवरी को विश्व कैंसर दिवस के रूप में मनाया जाता है, जिसका उ‌द्देश्य कैंसर रोग के प्रति जागरूकता एवं इसके बचाव व सावधानी के बारे में आमजन को अवगत कराना है।

उज्जैन के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार पटेल द्वारा बताया कि हमारे शरीर में लगभग 3 खरब कोशिकाएं होती है, नियमित रूप से शरीर के अंदर कुछ कोशिकाएं नई बनती है। उतनी ही पुरानी कोशिकाएं स्वतः नष्ट हो जाती है यह एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। कैंसर रोग में यह संतुलन गड़बड़ा जाता है व कोशिकाओं की बेलगाम बढ़ोतरी होती है। कैंसर कई प्रकार का होता है जैसे ब्लड कैंसर, मुंह का कैंसर, लीवर कैंसर, सरवाईकल कैंसर, आहार नली का कैंसर, ब्रेस्ट (स्तन) कैंसर आदि।कैंसर के लक्षणशरीर के किसी भी अंग में घाव या नासुर का हो जाना, लंबे समय से शरीर के किसी अंग में दर्द रहित गांठ या सूजन, स्तन में गांठ का होना , मल-मूत्र, उल्टी, थूक में खून का आना, आवाज में बदलाव, निगलने में दिक्कत, तेज गति से वजन का कम होना, कमजोरी महसूस होना, खून की कमी होना।कैंसर होने के संभावित कारणधूम्रपान मुंह, फेफड़े, गले, पेट, मूत्राशय का कैंसर होने की संभावना रहती है। तंबाकू, गुटखा, पान, सुपारी का सेवन से मुंह, जीभ, खाने की नली, पेट, गलेगुर्दे का कैसर होने की संभावना रहती है। शराब के सेवन से श्वांस नली, भोजन नली व तालू का कैंसर होने की संभावना रहती है। कैंसर से बचाव धूम्रपान, तंबाकू, सूपारी, गुटखा, चूना, पान-मसाला, शराब आदि का सेवन न करें, विटामिन युक्त हरी पत्ते वाली सब्जियां, फल, अनाज, दालें जैसे पौष्टिक भोजन का सेवन, कीट नाशक एवं खाद्य संरक्षण रसायन से युक्त भोजन धोकर खाएं, अधिक तले-भुने, बार-बार गर्म किये हुए तैल से बने हुए भोज्य का सेवन न करें, अपने वजन पर नियंत्रण रखें, नियमित व्यायाम करें, प्रदूषण रहित वातावरण में रहें।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story