मप्रः सतना और मैहर की जिला अदालतों को मिली जहरीली गैस के बमों से उड़ाने की धमकी, जांच में जुटी एजेंसियां

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः सतना और मैहर की जिला अदालतों को मिली जहरीली गैस के बमों से उड़ाने की धमकी, जांच में जुटी एजेंसियां


सतना, 20 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना और मैहर की जिला न्यायालयों काे जहरीली गैस के बमों से उड़ाने की धमकी का मामला सामने आया है। जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं और बम निरोधक दस्ता (बॉम्ब स्क्वॉड) और डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सतना की जिला नयायालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ। मेल में दावा किया गया है कि कोर्ट और जज के दफ्तरों में 15 जहरीली गैस के बम लगाए गए हैं, जो दोपहर एक बजे फटेंगे। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने तुरंत संज्ञान लेते हुए कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को बम निरोधी दस्ता भेजने और सतना सहित मैहर, अमरपाटन व अन्य तहसील न्यायालयों की सुरक्षा जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए।

आदेश के तहत बम निरोधक दस्ता (बॉम्ब स्क्वॉड) और डॉग स्क्वॉड को जिला न्यायालय परिसर में तैनात किया गया, साथ ही सतना के अलावा मैहर, अमरपाटन और अन्य तहसील न्यायालयों में भी व्यापक सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने न्यायालय परिसरों को अस्थायी रूप से खाली कराकर सघन तलाशी अभियान चलाया। संदिग्ध वस्तुओं की जांच के लिए हर कोने को खंगाला जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल किसी भी प्रकार की विस्फोटक सामग्री मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन ऐहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

सतना के पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह ने बताया कि धमकी भरे ईमेल की जांच साइबर सेल द्वारा की जा रही है। मेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। घटना के बाद न्यायालय परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और सभी प्रवेश द्वारों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है।

वहीं प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीमें मुस्तैद हैं। हालांकि प्राथमिक जांच में किसी तरह के बम कोर्ट परिसर में नहीं मिले. अब पुलिस मेल के संबंध में जांच कर रही है।

बम से कोर्ट को उड़ाने की धमकी का यह पहला मामला नहीं है। इसके पहले रीवा और छत्तीसगढ़ की अदालतों सहित देश के कई इलाकों में इस तरह की धमकी मिल चुकी है। पुलिस अब यह पता करने में जुटी है कि ई-मेल कहां से और किसने भेजा है। पहले भी जो धमकियां मिली उसमें जहरीली गैस से धमाके करने की बात कही गई थी। आशंका है कि दहशत फैलाने के लिए कुछ लोग अदालतों को इस तरह के ई-मेल भेजकर धमकी दे रहे हैं। पहले भी मिली इस तरह की धमकियों के बाद जब कोर्ट परिसर की जांच की गई तो उसमें कोई संदिग्ध सामान या बम नहीं मिला था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story