दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ग्वालियर हाईकोर्ट की आईडी पर आया ई-मेल
ग्वालियर, 09 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय की ग्वालियर खंडपीठ की ई-मेल आईडी पर एक धमकी भरा मेल आया है। इसमें 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के मंच को आईईडी (बम) से उड़ाने की चेतावनी दी गई है। मेल मिलने के बाद ग्वालियर पुलिस और भोपाल एसटीएफ अलर्ट हो गई हैं। पुलिस ने उच्च न्यायालय और न्यायाधीशों के बंगलों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है।
ग्वालियर एसपी सुतकीर्ति सोमवंशी ने सोमवार को धमकी भरा मेल मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मेल भेजने के लिए जिस आईपी एड्रेस का इस्तेमाल किया गया है, वह विदेशी नेटवर्क का बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मेल की जांच कर उसके स्रोत का पता लगाने और पूरे मामले को डी-कोड करने का प्रयास कर रही है। एहतियात के तौर पर पुलिस ने हाईकोर्ट और जजों के बंगलों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है।
गौरतलब है कि इंदौर में 15 नवंबर को दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट होना है। इस कार्यक्रम को लेकर पहले भी धमकी भरे ई-मेल मिल चुके हैं। पिछले सप्ताह इंदौर के तीन निजी स्कूलों और महापौर पुष्यमित्र भार्गव के कार्यालय को धमकी भरे मेल भेजे गए थे। इनमें बम धमाकों की चेतावनी दी गई थी। अब ग्वालियर उच्च न्यायालय की आईडी पर धमकी भरा ई-मेल आने के बाद ग्वालियर पुलिस के साथ भोपाल और इंदौर पुलिस को भी अलर्ट किया गया है।
धमकी भरे ई-मेल की जांच ग्वालियर और इंदौर पुलिस के साथ भोपाल एसटीएफ कर रही है। शुरुआती जांच में मेल का आईपी एड्रेस विदेशी नेटवर्क का बताया जा रहा है। पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि भेजने वाले ने अपनी पहचान छिपाने के लिए फर्जी आईपी एड्रेस का इस्तेमाल किया हो। फिलहाल मेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

