धारः नवीनीकृत ईको सेंटर का उद्घाटन, वृक्षारोपण एवं वन संरक्षण पर कार्यशाला संपन्न
- लंबित प्रकरणों को 15 दिवस में निराकृत करने और वन भूमि से अतिक्रमण हटाने के सख्त निर्देश
धार, 21 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले में वन संपदा के संरक्षण, वृक्षारोपण कार्यों की सफलता और प्रशासनिक कसावट को लेकर गुरुवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। स्थानीय ईको सेंटर का नवीनीकरण होने के उपरांत वन मंडल अधिकारी विजयानंथम टी.आर. द्वारा इसका विधिवत पुनः उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए एक विशेष कार्यशाला भी आयोजित की गई।
वृक्षारोपण की सफलता के लिए दिए 'सफलता मंत्र'
कार्यशाला के दौरान वन मंडल अधिकारी विजयानंथम टी.आर. ने एक विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने वन परिक्षेत्र अधिकारियों, परिक्षेत्र सहायकों एवं बीटगार्ड्स को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी वृक्षारोपण को प्रभावी और सफल बनाने के लिए जमीनी स्तर पर प्रारंभिक तैयारियां समय से पूरी होनी चाहिए। उन्होंने इसके लिए महत्वपूर्ण तकनीकी बिंदुओं पर प्रकाश डाला, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं- समय पर गड्ढों की खुदाई और मिट्टी का वैज्ञानिक उपचार, क्षेत्र के अनुकूल उपयुक्त पौधों का चयन, मुनारा निर्माण, निरीक्षण पथ और चौकीदार हट की व्यवस्था तथा पौधों की सुरक्षा के लिए फेसिंग पोलों का उचित प्रबंध।
लंबित प्रकरणों के निराकरण हेतु कड़े निर्देश
विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए वन मंडल अधिकारी ने परिक्षेत्र सहायक स्तर पर लंबित और कालातीत मामलों पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी करते हुए कहा कि सभी लंबित प्रकरणों में आगामी 15 दिनों के भीतर आवश्यक प्रगति सुनिश्चित कर उनका त्वरित निराकरण किया जाए।
वन भूमि से हटेगा अतिक्रमण
वन क्षेत्र की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए कार्यशाला में वन भूमि पर हुए अवैध अतिक्रमणों को नियमानुसार हटाने संबंधी रणनीति पर भी चर्चा हुई। बीटगार्ड से लेकर वन परिक्षेत्र अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मुस्तैदी बढ़ाएं और अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही अमल में लाएं ताकि वन संरक्षण गतिविधियों को सुदृढ़ किया जा सके। कार्यक्रम और कार्यशाला में धार वन मंडल के समस्त परिक्षेत्र अधिकारी, परिक्षेत्र सहायक, बीटगार्ड सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

