(अपडेट) सांवरिया मंदिर से दर्शन कर लौट रहे युवकों की कार में लगी आग, जिंदा जलने से चार की मौत

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) सांवरिया मंदिर से दर्शन कर लौट रहे युवकों की कार में लगी आग, जिंदा जलने से चार की मौत


(अपडेट) सांवरिया मंदिर से दर्शन कर लौट रहे युवकों की कार में लगी आग, जिंदा जलने से चार की मौत


धार, 26 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले के सादलपुर थाना अंतर्गत बदनावर तहसील अंतर्गत लेबड़-नयागांव फोरलेन पर रविवार और सोमवार दरमियानी देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। सादलपुर और खेरोद के बीच एक ढाबे के पास श्रद्धालुओं से भरी कार पुलिया के डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का इंजन उखड़कर दूर जा गिरा और गाड़ी पुलिया से नीचे जा गिरी। हादसे के तुरंत बाद कार में भीषण आग लग गई, जिससे उसमें सवार चार युवकों की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई। वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, सागौर (धार) के रहने वाले पांचों दोस्त कार से राजस्थान स्थित सांवरिया सेठ मंदिर दर्शन करने गए थे। रविवार रात करीब 11:30 बजे जब वे वापस लौट रहे थे, तभी सादलपुर के पास कार बेकाबू होकर पुलिया पर बने डिवाइडर से जा टकराई। भीषण टक्कर के चलते एक युवक छिटककर कार से बाहर जा गिरा, जबकि चार युवक अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद कार में देखते ही देखते विकराल आग लग गई और अंदर फंसे युवकों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और स्थानीय पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। दमकल की गाड़ियों को बुलाकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी और चारों युवक दम तोड़ चुके थे। पुलिस ने मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए धार जिला चिकित्सालय भिजवाया।

मृतकों की पहचान अंकुश उर्फ भीम (20) पुत्र विक्रम चौधरी, चेतन चौधरी (20) पुत्र जीवन चौधरी, आदित्य उर्फ अनमोल तिवारी (19) पुत्र संतोष तिवारी और अभिषेक सोलंकी पुत्र लक्ष्मण सोलंकी के रूप में हुई है। हादसे में तुषार मंडलोई (20) पु मुकेश मंडलोई घायल हो गया जिसे प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है। चार युवकों की इस भीषण हादसे में मौत की खबर मिलते ही सागौर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766928 Articles

Share this story