धारः संयुक्त चेकिंग अभियान में 72 बसों की जांच, 33 के विरुद्ध कार्रवाई, 2.68 लाख रुपये का जुर्माना वसूला

WhatsApp Channel Join Now
धारः संयुक्त चेकिंग अभियान में 72 बसों की जांच, 33 के विरुद्ध कार्रवाई, 2.68 लाख रुपये का जुर्माना वसूला


धार, 13 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले में अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी धार एवं जिला परिवहन अधिकारी झाबुआ द्वारा रविवार को संयुक्त रूप से यात्री बसों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया इस दौरान 72 बसों की जांच की गई, जिनमें 33 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई और 2.68 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया।

अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी हृदेश यादव ने बताया कि जिले के जैतपुरा, दसई, राजगढ़ एवं सरदारपुर क्षेत्र में यात्री बसों की जांच की गई। इस दौरान टीम द्वारा कुल 72 यात्री बसों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान बसों की फिटनेस, बीमा, परमिट, निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी, अग्निशमन यंत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज एवं सुरक्षा मानकों की जांच की गई। जांच के दौरान 33 वाहन नियमों के विरुद्ध संचालित पाए गए, जिनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान कुल 2 लाख 68 हजार 500 रुपये की जुर्माना राशि वसूल की गई।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान 3 यात्री बसों को जब्त कर अमझेरा एवं सरदारपुर थाने में निराकरण की प्रत्याशा में रखा गया है। जब्त वाहनों में 2 यात्री बस बिना परमिट संचालित होती पाई गईं, जबकि 1 यात्री बस का पंजीयन निरस्त होने के बावजूद उसका संचालन किया जा रहा था। उक्त बस को सरदारपुर थाने में जब्त कर रखा गया है।

अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी धार द्वारा समय-समय पर विशेष अभियान चलाकर वाहनों की निरंतर जांच की जा रही है। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी एवं अन्य कार्यवाही की जाती है।परिवहन विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि यात्री बसों सहित अन्य वाहनों की जांच का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। इसका उद्देश्य परिवहन नियमों का पालन सुनिश्चित करने के साथ ही यात्री सुरक्षा एवं सड़क सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story