देवास: तीन दिन से पानी सप्लाई बंद, गुस्साए रहवासियों ने फिल्टर प्लांट का किया घेराव

WhatsApp Channel Join Now
देवास: तीन दिन से पानी सप्लाई बंद, गुस्साए रहवासियों ने फिल्टर प्लांट का किया घेराव


देवास, 21 अक्टूबर (हि.स.)।

मध्य प्रदेश के देवास जिले की तहसील कन्नौद में नगर के वार्ड क्रमांक 9 स्थित दादूजी नगर कॉलोनी में तीन दिन से पेयजल सप्लाई बंद होने से नाराज रहवासियों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। परेशान रहवासियों ने बायपास रोड स्थित जल वितरण फिल्टर प्लांट का घेराव कर अपनी समस्याएं जनप्रतिनिधियों के सामने रखीं। रहवासियों ने पानी की किल्लत के साथ ही कॉलोनी में फैली गंदगी, नालियों के अभाव, सीसी रोड निर्माण और गंदे नाले की समस्या को लेकर भी नाराजगी जताई।

बुधवार को बड़ी संख्या में रहवासी फिल्टर प्लांट पर एकत्रित हुए और पेयजल व्यवस्था सुचारू नहीं होने पर विरोध दर्ज कराया। सूचना मिलने पर नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि संतोष जाट मौके पर पहुंचे। वहीं, वार्ड के कांग्रेस पार्षद फारूक केलेवाले भी रहवासियों के बुलाने पर वहां पहुंचे। इस दौरान नागरिकों ने अपनी समस्याएं बताते हुए जल्द समाधान की मांग की।

कई महीनों से गंदे पानी की समस्या

रहवासियों ने बताया कि कॉलोनी में जगह-जगह गंदगी पसरी हुई है और कई गलियों में नालियों का निर्माण नहीं होने से परेशानी हो रही है। गंदा नाला भी लोगों के लिए समस्या बना हुआ है। इसके अलावा, पेयजल पाइपलाइन फूटी होने के कारण कई महीनों से गंदा पानी आने की शिकायत भी रहवासियों ने जनप्रतिनिधियों के सामने रखी। अब तीन दिन से पानी की सप्लाई बंद होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।

मोटर पंप में खराबी से ठप हुई सप्लाई

जानकारी के अनुसार, जल वितरण फिल्टर प्लांट में पानी सप्लाई के लिए लगे मोटर पंप में खराबी आने के कारण पिछले तीन दिनों से वार्ड क्रमांक 9 में निर्धारित समय पर पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इसके चलते रहवासियों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।

पार्षद बोले- जल्द बहाल होगी व्यवस्था

पार्षद फारूक केलेवाले ने रहवासियों से चर्चा कर जल वितरण से जुड़े कर्मचारियों से पेयजल व्यवस्था जल्द सुचारू करने के संबंध में बात की। उन्होंने नागरिकों को आश्वस्त किया कि निर्धारित समय पर पानी की सप्लाई दोबारा शुरू कराने के प्रयास किए जाएंगे। साथ ही, कॉलोनी की अन्य समस्याओं को आगामी नगर परिषद की बैठक में रखकर उनका निराकरण कराने की बात कही।

नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि संतोष जाट ने भी जल्द पेयजल व्यवस्था बहाल कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि कॉलोनी की एक गली में पक्की नाली का निर्माण कराया जा रहा है। शेष गलियों में भी जल्द नाली निर्माण कराने की बात कही है

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्‍द्र राठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764645 Articles

Share this story