मप्र के देवास में इंदौर-बैतूल हाईवे पर दो सड़क हादसों में मां-बेटे सहित चार लोगों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के देवास में इंदौर-बैतूल हाईवे पर दो सड़क हादसों में मां-बेटे सहित चार लोगों की मौत


देवास, 04 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास जिले में इंदौर-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर बीते 24 घंटों के दौरान दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा डेंजर जोन गुराड़िया में हुआ, जिसमें एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार तीन लोगों की हो गई, जबकि दूसरा हादसा दुलवा क्षेत्र में हुआ, जिसमें अज्ञात वाहन की टक्कर से एक की जान चली गई।

कार-बाइक की भिड़ंत में मां-बेटे समेत तीन लोगों की मौत

जानकारी के अनुसार, पहला हादसा इंदौर-बैतूल फोरलेन पर नेमावर थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात गुराड़िया के पास पुराने ब्रिज की ओर जाने वाले मार्ग पर हुआ। यहां इंदौर की ओर जा रही एक कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। बाइक पर सवार तीनों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलने पर डायल-112 से नेमावर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने हादसे में घायलों को बाहर निकालकर खातेगांव पहुंचाया। बुधवार सुबह तीनों शवों का पोस्टमॉर्टम खातेगांव के सरकारी अस्पताल में किया गया।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान ग्राम खूबगांव निवासी नर्मदा बाई (65) पत्नी रामदिन, महेंद्र (23) पुत्र रामदिन और चंदू (45) पुत्र उमेर सिंह के रूप में हुई है। चंदू मूल रूप से खंडवा जिले के छनेरा थाना अंतर्गत ग्राम खेड़ा पलानी का निवासी था। वह इन दिनों खेत में पानी फेरने का ठेका लेने के कारण खूबगांव में रह रहा था। पुलिस ने बाइक के नंबर के आधार पर मृतकों की जानकारी जुटाई और उनके परिजनों और ग्रामीणों को सूचित किया।

ग्रामीणों के मुताबिक, नर्मदा बाई, महेंद्र और चंदू नेमावर की ओर एक गाय देखने जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। नेमावर थाना पुलिस ने खातेगांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद तीनों के शव स्वजनों को सौंप दिए हैं। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

वहीं, दूसरा हादसा नेमावर थाना क्षेत्र के ग्राम दुलवा बुधवार सुबह हुआ, जहां पर किसी अज्ञात वाहन ने मुकेश नाम के युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मुकेश ग्राम दुदवास का रहने वाला था। खातेगांव बीएमओ डॉक्टर तुषार गुप्ता ने बताया चारों मृतकों का पोस्टमार्टम करवाकर शव स्वजनों को सौंप दिए गए हैं। वहीं नेमावर थाना टीआई प्रदीप राय ने बताया दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story