देवासः कलेक्टर ने सपत्नीक की मां तुलजा भवानी व मां चामुंडा की पूजा-अर्चना

WhatsApp Channel Join Now
देवासः कलेक्टर ने सपत्नीक की मां तुलजा भवानी व मां चामुंडा की पूजा-अर्चना


- सुगम दर्शन व्यवस्थाओं का लिया जायजा, 100 से अधिक वॉलंटियर्स और पुख्ता सुरक्षा प्रबंध

देवास, 11 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास जिले में शारदीय नवरात्र के पहले दिन कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने माताजी की टेकरी पहुंचकर सपत्नीक मां तुलजा भवानी और मां चामुंडा की पूजा-अर्चना कर जिले के नागरिकों की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की मंगल कामना की।

पूजा-अर्चना के बाद कलेक्टर सिंह ने नवरात्रि के पावन अवसर पर टेकरी परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा हेतु की गई प्रशासनिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को दर्शन व्यवस्था को सुगम, व्यवस्थित और सुचारू बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर सिंह ने कहा कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी देवास चामुंडा माता देवस्थान प्रबंध समिति एवं जिला प्रशासन का यह सतत प्रयास है कि दर्शन व्यवस्था को और अधिक सुगम बनाया जाए, जिससे बाहर और स्थानीय स्तर से आने वाले सभी दर्शनार्थियों को अच्छे और पर्याप्त समय के लिए सुलभ दर्शन प्राप्त हो सकें तथा सभी श्रद्धालु यहां से प्रसन्न होकर जाएं। आगामी दिनों और छुट्टियों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ और क्राउड मैनेजमेंट को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा व्यापक और पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि पूरे मेला क्षेत्र और मार्ग में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं तथा चाक-चौबंद पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके साथ ही इस बार जनसहयोग की मिसाल पेश करते हुए 100 से अधिक वॉलंटियर्स आगे आए हैं, जो श्रद्धालुओं की सेवा एवं मार्गदर्शन में सहयोग कर रहे हैं। श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मार्ग पर स्पष्ट एवं पर्याप्त साइनेज बोर्ड लगाए गए हैं, ताकि भीड़ प्रबंधन पूरी तरह नियंत्रित रहे और हर भक्त निर्बाध रूप से दर्शन कर सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story