मप्र के देवास में कार को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, दो सगे भाइयों समेत 3 की मौत

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के देवास में कार को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, दो सगे भाइयों समेत 3 की मौत


देवास, 12 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास जिले में शनिवार देर रात भोपाल हाइवे पर नेवरी फाटा के पास अज्ञात वाहन ने एक कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, कार सवार युवक अपने दादाजी की तेरहवीं के कार्यक्रम के लिए सामग्री लेने के लिए सोनकच्छ गए थे। रात करीब डेढ़ बजे लौटते समय नेवरी फाटा के पास उनकी कार को किसी अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी युवकों को अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान मोहित (22) पुत्र दिनेश नागर निवासी ग्राम गुनाई भौरासा, शुभम (24) पुत्र राजेश नागर और प्रदीप (20) पुत्र राजेश नागर, दोनों निवासी दूधलाई सोनकच्छ के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में सुल्पाखेड़ा बरोठा निवासी सचिन नामक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। पुलिस ने घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर राहुल गेहलोत द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया। हालत गंभीर होने पर उसे निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है।

जिला अस्पताल के डॉक्टर राहुल गेहलोत के अनुसार, दुर्घटना में कुल चार लोग शामिल थे, जिनमें से तीन की मृत्यु हो चुकी है, जबकि एक की स्थिति नाजुक बनी हुई है। मृतक परिजन विकास धाकड़ ने बताया कि दादाजी के नुक्ते का कार्यक्रम रविवार को था, जिसके लिए सभी युवक सोनकच्छ से सामान लेकर अपने गांव लौट रहे थे। सभी खेती का कार्य करते थे और आपस में रिश्तेदारी में जुड़े हुए थे। हादसे के समय मोहित कार चला रहा था और गाड़ी उसी की थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story