एकजुट होकर पर्यटन को बढ़ावा दें ग्रामीणः कलेक्टर नारायन

WhatsApp Channel Join Now
एकजुट होकर पर्यटन को बढ़ावा दें ग्रामीणः कलेक्टर नारायन


एकजुट होकर पर्यटन को बढ़ावा दें ग्रामीणः कलेक्टर नारायन


- देवगढ़ महोत्सव में पहुँचे कलेक्टर, होम स्टे का किया लोकार्पण

छिन्दवाडा, 02 जनवरी (हि.स.)। देवगढ़ प्राकृतिक रूप से बहुत संपन्न गांव है और यहां पर्यटन की असीम संभावनाएं है। ग्रामीणों को एकजुट होकर पर्यटन को बढ़ावा देना होगा, जिससे ग्राम की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। सभी होम स्टे संचालक स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाएं, जिससे देश-विदेश में देवगढ़ की ख्याति हो।

यह विचार छिंदवाड़ा कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने शुक्रवार को देवगढ़ महोत्सव के समापन अवसर पर व्यक्त किए। जिला प्रशासन, मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड और जय भवानी पर्यटन विकास समिति के सयुंक्त प्रयासों से देवगढ़ महोत्सव का आयोजन हुआ। शुक्रवार को समापन अवसर पर पर्यटन ग्राम देवगढ़ में होम स्टे का लोकार्पण कलेक्टर नारायन के हस्ते किया गया। इसके साथ ही अब देवगढ़ के सभी 12 होम स्टे पर्यटकों के लिए खुल गए हैं।

10 हजार से ज्यादा पर्यटकों ने की सहभागिता

ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए तीन दिन तक चले पहले देवगढ़ महोत्सव को पर्यटकों का जबरदस्त रिस्पाँस मिला। तीन दिनों में 10 हजार से ज्यादा पर्यटकों ने सहभागिता की। यहां पर परम्परागत और स्थानीय खेलों से पर्यटकों को जोड़ा गया। पर्यटकों ने पतंगबाजी, बैलगाड़ी की सवारी, गिल्ली-डंडा, पिट्टू, कुर्सी दौड़ सहित अन्य खेलों ने पर्यटकों को जमकर रोमांचित किया।

पर्यटकों को भा गई कुल्हड़ चाय, कलेक्टर ने ली चुस्की, अच्छी चलीं दुकानें-

पूरी तरह प्लास्टिक फ्री किए गए देवगढ़ महोत्सव में पर्यटकों को चाय कुल्हड़ में दी गई। जंगल में कुल्हड़ चाय पीते हुए पर्यटन काफी खुश दिखे। देवगढ़ की बालिकाओं द्वारा लगाए गए कुल्हड़ चाय की जानकारी कलेक्टर नारायन को दी, जिसे उन्होंने सराहा और बालिकाओं के हाथ से बनी चाय पीकर उनका उत्साहवर्धन किया। समिति द्वारा लगाए गए सभी स्टॉल पर्यटकों की चहलकदमी से गुलजार दिखे और हजारों की आय तीन दिन में होने से ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे।

यह रहे उपस्थित

देवगढ़ महोत्सव के समापन अवसर पर मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के परियोजना अधिकारी आर.डी. सिद्दीकी, सीईओ डी.के. करपे, नोडल अधिकारी बलराम राजपूत, पर्यटन प्रबंधक गिरीश लालवानी, मोहखेड़ तहसीलदार रमाकांत चौकसे, देवगढ़ सरपंच बलदेव धुर्वे सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story